फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए राहत भरी खबर है। फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के महासचिव रविंद्र डुडेजा एवं संयुक्त सचिव जे.के.भाटिया ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मुलाकात कर थैलेसीमिया बच्चों के सामने आ रही समस्याओं से अवगत कराया।
संस्था पदाधिकारियों ने विशेष रूप से रक्त की कमी की समस्या को उनके समक्ष रखा। रविंद्र डुडेजा ने बताया कि थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को जीवन बचाने के लिए प्रत्येक 15 से 20 दिन में रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है।
वर्तमान में रक्त की कमी के कारण बच्चों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने से बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से थैलेसीमिया बच्चों के लिए विशेष रक्तदान शिविर आयोजित करवाने तथा उनका मनोबल बढ़ाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम एवं पार्टी आयोजित करने का अनुरोध किया।
कृष्णपाल गुर्जर ने प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए संस्था को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उपहार भी वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन कर थैलेसीमिया बच्चों के लिए रक्त एकत्रित किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक धनेश अदलखा एवं सतीश फागना भी मौजूद रहे। सतीश फागना ने भी थैलेसीमिया बच्चों की सहायता के लिए रक्तदान शिविर आयोजित करवाने में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया ने इस सकारात्मक पहल के लिए केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर,विधायक धनेश अदलखा एवं सतीश फागना का आभार व्यक्त किया।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि थैलेसीमिया बच्चों के लिए रक्त किसी सामान्य जरूरत से कम नहीं,बल्कि उनके जीवन का आधार है। रक्त की एक यूनिट भी किसी मासूम के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है।
संस्था ने समाज के युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे आगे बढ़कर नियमित रक्तदान करें और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के जीवन को बचाने में अपना योगदान दें।