जिले में 06 मई तक चलेगा विशेष अभियान
बलिया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद बलिया में मिलावटखोरी के विरुद्ध एक सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की एक विशेष टीम ने सुखपुरा क्षेत्र में स्थित लड्डू विनिर्माण प्रतिष्ठान पर छापेमारी की और रंगीन लड्डू एवं खाद्य रंग के सैंपल जांच के लिए भेजे।
टीम का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री दिनेश कुमार राय ने किया। उनके साथ श्री गोविन्द यादव (आजमगढ़), श्री विजय प्रकाश (मऊ) व श्री अमित कुमार राणा (मऊ) शामिल थे। प्रतिष्ठान से बूंदी लड्डू एवं खाद्य रंग के एक-एक नमूने लिए गए और प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए।
18 किलो रंगीन लड्डू किए गए नष्ट
मौके पर टीम को 18 किलो अत्यधिक रंगीन लड्डू मिले, जिन्हें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए तुरंत नष्ट कर दिया गया। इनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹3600 बताई गई। यह कार्यवाही अभिसूचना के आधार पर की गई, जो मिलावटखोरी रोकने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।
6 मई तक चलेगा सघन निरीक्षण अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग की यह टीम जनपद भर में 6 मई, 2025 तक नियमित रूप से रंगीन मिठाई, पनीर, खोया आदि उत्पादों की जांच और नमूना संग्रहण करेगी। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान उपभोक्ताओं की सेहत और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु संचालित किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं से की गई अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बाजार से अत्यधिक रंगीन मिठाई, खुले खाद्य पदार्थ और संदिग्ध दुग्ध उत्पाद खरीदने से परहेज करें और किसी भी संदेह की स्थिति में तुरंत विभाग को सूचित करें।