बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है दशहरा पर्व:मूलचंद शर्मा
फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:बल्लभगढ़ के विधायक एवं हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री पं.मूलचंद शर्मा ने सेक्टर-3 स्थित दशहरा मैदान और बल्लभगढ़ के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर उन्होंने आयोजकों एवं शहरवासियों को विजयदशमी की बधाई दी और सभी के सुख,समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दौरान शान्ति बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस के जवानों का भी उत्साह वर्धन किया।
विधायक पं.मूलचंद शर्मा ने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें सत्य,धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
रावण दहन के माध्यम से समाज को बुराइयों का त्याग कर अच्छाइयों को अपनाने का संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि राजा नाहर सिंह की ऐतिहासिक धरती बल्लभगढ़ पर दशहरा पर्व वर्षों से पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता रहा है।
इस अवसर पर शहर के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित होकर रावण दहन कार्यक्रम में भाग लेते हैं और अधर्म पर धर्म की विजय के साक्षी बनते हैं। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के दौरान रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं आयोजक भी उपस्थित रहे।