स्कूली बच्चों और राहगीरों की राह हुई आसान, दुर्घटनाओं का खतरा हुआ कम
मीरजापुर। मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में स्थित लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़कों पर आखिरकार राहत की पहल हुई। अहरौरा-कुदारन नहर से धुरिया गांव तक तथा कुदारन नहर से पौनी कतारपुर मोड़ तक सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गुलाब मौर्या की पहल पर जेएसबी, भक्सी भरवाकर मार्ग को गड्ढामुक्त कराया गया।
सड़क पर गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए थे। आए दिन बाइक सवार और राहगीर असंतुलित होकर गिर रहे थे, जबकि स्कूली बच्चों को भी इसी मार्ग से गुजरते समय दुर्घटना का खतरा बना रहता था। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी विकट हो जाती थी।
स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए गुलाब मौर्या ने सड़क की स्थिति सुधारने की पहल की। गड्ढामुक्त कार्य पूरा होने के बाद अब इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को काफी राहत मिली है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के गड्ढे केवल आवागमन की परेशानी नहीं, बल्कि हादसों को न्योता दे रहे थे। समय रहते मरम्मत होने से दुर्घटना की आशंका कम हुई है। लोगों ने जनहित में कराए गए इस कार्य की सराहना करते हुए गुलाब मौर्या के प्रति आभार जताया।