हिसार:हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महापौर प्रवीण पोपली के साथ संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति,प्रगति और आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हवाई अड्डे से संबंधित सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा हिसार और आसपास के क्षेत्रों के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हवाई अड्डे से जुड़ी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए,ताकि सभी कार्य निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समय पर पूरे हो सकें। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए।
कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए,ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
गोयल ने महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के परिसर में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान का जल्द से जल्द चयन किया जाए,ताकि इस कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महापुरुषों से जुड़ी स्मृतियों को संरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
➡️अग्रोहा की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और विकास पर विशेष जोर।
महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के निरीक्षण के बाद कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अग्रोहा स्थित पुरातात्विक स्थल का दौरा किया और वहां चल रहे संरक्षण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से अब तक की गई खुदाई,आगामी चरणों में प्रस्तावित उत्खनन कार्यों तथा स्थल पर प्रस्तावित संग्रहालय और लाइट एंड साउंड शो की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्रोहा पुरातात्विक स्थल के संरक्षण एवं विकास से जुड़े कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
साथ ही प्रस्तावित संग्रहालय और लाइट एंड साउंड शो से संबंधित तैयारियों को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जाएं,ताकि इस ऐतिहासिक स्थल के महत्व को प्रभावी ढंग से आमजन और पर्यटकों तक पहुंचाया जा सके। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि अग्रोहा हमारी ऐतिहासिक,सांस्कृतिक और गौरवशाली विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
इस स्थल का ऐतिहासिक महत्व आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों,परंपराओं और समृद्ध अतीत से जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए इसके संरक्षण,संवर्धन और विकास के लिए सभी संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण,पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अग्रोहा जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का योजनाबद्ध विकास होने से न केवल प्रदेश की विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी,बल्कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास के बारे में जानने और उसे समझने का अवसर भी प्राप्त होगा। गोयल ने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने और उनके महत्व को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने से पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रस्तावित संग्रहालय और लाइट एंड साउंड शो जैसे प्रयास अग्रोहा के ऐतिहासिक महत्व को लोगों तक पहुंचाने में उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और विकास के बीच उचित संतुलन बनाए रखा जाए।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार विकास कार्यों को गति दें और उनकी प्रगति पर लगातार नजर रखें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ हरियाणा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।