रिपोर्ट: बी.आर. मुराद | IBN NEWS फरीदाबाद
फरीदाबाद।
अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा जिले में सप्ताहिक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान की पहली कड़ी में सेक्टर-20 स्थित एटीडीसी स्किल सेंटर में एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
🔹 नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता
कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र कसाना (परियोजना निदेशक, रेडक्रॉस नशा मुक्ति केंद्र सेक्टर 14) द्वारा किया गया। उन्होंने करीब 70 प्रतिभागियों को शराब, गांजा, इंजेक्शन, गोली और फ्लूइड जैसे नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी।
धर्मेंद्र कसाना ने बताया कि आज का युवा वर्ग शौक या दोस्तों के दबाव में नशा करना शुरू करता है और धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में फंस जाता है। उन्होंने बताया कि अनेक परिवार नशे की वजह से बर्बाद हो चुके हैं और यही कारण है कि रेडक्रॉस सोसाइटी समय-समय पर शिविरों और कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाती रही है।
🔹 नशा मुक्ति केंद्र की सेवाएं
कार्यक्रम में यह जानकारी भी दी गई कि रेडक्रॉस सोसाइटी सेक्टर-14 फरीदाबाद में संचालित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीजों को निःशुल्क दवाएं, भोजन, योग, खेल और मानसिक परामर्श जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसका संचालन पुरुषोत्तम सैनी (कार्यालय उपाधीक्षक) की देखरेख में किया जा रहा है।
🔹 शपथ और सहभागिता
पेयर एजुकेटर अमर ने सभी उपस्थितों को “नशा न करने” की शपथ दिलाई और एक स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।
रेणु कपूर (प्रधानाचार्य, एटीडीसी स्किल सेंटर) ने रेडक्रॉस टीम का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी सहयोग करने का भरोसा जताया।
🔹 स्वास्थ्य विभाग का सहयोग
कार्यक्रम में बी.के. अस्पताल की टीम से अनुक्रम भाटी और ममता चौधरी, तथा मेंटल हेल्थ विभाग का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।