टीम आईबीएन न्यूज़
ब्यूरो रिपोर्ट | गाजीपुर
गाजीपुर जिले के बहुअरा गांव में विद्युत विभाग की चेकिंग टीम पर अराजक तत्वों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद थाना स्थानीय पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
चेकिंग के दौरान टीम पर हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 33/11 केवी दिलदारनगर विद्युत सबस्टेशन के अंतर्गत उपखंड अधिकारी लोकेश कुमार, धनंजय कुमार बिंद (टी.जी II), रितेश कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार (निविदा कर्मी), अनूप सिंह (निविदा कर्मी), राज किशोर (निविदा कर्मी) और रामनरायण (निविदा कर्मी) विद्युत कनेक्शन की जांच के लिए बहुअरा गांव के पश्चिम मुहल्ले में मस्जिद के पास पहुंचे थे।
जैसे ही चेकिंग टीम ने अपना कार्य शुरू किया, शाजिद खान, शाहीद खान, खुर्शीद खान, तनु खान सहित लगभग 40 अज्ञात लोगों ने राजस्व वसूली अभियान को रोक दिया और टीम से बदसलूकी करने लगे।
सरकारी दस्तावेज फाड़े, टीम को धमकाया
अराजक तत्वों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इसके बाद टीम पर हमला कर दिया गया।
टीम के सदस्यों के अनुसार, शाजिद खान, शाहीद खान, खुर्शीद खान और तनु खान ने उपखंड अधिकारी लोकेश कुमार और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस मामले को लेकर विद्युत विभाग की टीम ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर मुकदमा संख्या 49/2025 के तहत धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 324(4), 132, 221 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस इस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना है।
—