फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सभी पुलिस उपायुक्तों और थाना प्रबंधकों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने आदेश दिया कि सुरक्षा के मद्देनजर पड़ोसी राज्यों और जिलों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी
पुलिस टीमों को निर्देशित किया गया है कि किरायेदारों, घरेलू सहायकों, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड, साइबर कैफे, होटल/ढाबा, धर्मशाला, सराय, पार्किंग स्थल और भीड़भाड़ वाले बाजारों में कड़ी निगरानी और चेकिंग की जाए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा एजेंट, आई.बी. और सी.आई.डी. कर्मचारियों की जोनवार टीमें बनाई गई हैं, जो मॉल, सिनेमा हॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन, बाजार, होटल, गेस्ट हाउस, ओयो रूम्स और धर्मशालाओं में नियमित चेकिंग कर रही हैं। इसके साथ ही सिम कार्ड बेचने वाले दुकानदारों और साइबर कैफे की भी जांच की जा रही है।
वाहन चेकिंग और नाकाबंदी
सभी थाना प्रबंधकों को आदेश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में दो स्थानों पर नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच करें। यातायात पुलिस को भी सख्ती से चेकिंग करने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनता से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, ढाबा, धर्मशाला या गेस्ट हाउस में दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
लावारिस वस्तु मिलने पर उसे न छुएं, क्योंकि उसमें विस्फोटक हो सकता है। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को जानकारी दें ताकि समय रहते किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
आपातकालीन नंबर:
-
डायल 112
-
कंट्रोल रूम: 9999150000, 0129-2227200
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वह जन सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए हर समय तत्पर है।