रिपोर्टर – जीतेंद्र चौबे | IBN24x7NEWS बलिया
बलिया जनपद के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत सरकार के रेलवे विभाग में उच्च पद पर कार्यरत बलिया निवासी निर्भय नारायण सिंह के अथक प्रयासों से जिले को अब कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की सौगात मिलने जा रही है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को बल्कि व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
अब बलिया से सीधे होंगे माता वैष्णो देवी के दर्शन
रेल मंत्रालय ने निर्भय नारायण सिंह के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए वाराणसी से चलने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस (12237/38) का विस्तार बलिया तक करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन अब बलिया से सीधे जम्मूतवी तक जाएगी, जिससे माता वैष्णो देवी के दर्शन की यात्रा और अधिक सुलभ हो जाएगी।
संभावना है कि अगले सप्ताह तक इसका अधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया जाएगा।
इससे बलिया के श्रद्धालुओं, सेना और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को जम्मू यात्रा में विशेष सुविधा मिलेगी। पहले उन्हें वाराणसी तक यात्रा कर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी, पर अब सीधे बलिया से यात्रा संभव होगी।
साबरमती एक्सप्रेस अब छपरा होते हुए बलिया तक
इसके अतिरिक्त, वाराणसी से अहमदाबाद तक चलने वाली साबरमती एक्सप्रेस का विस्तार कर अब उसे छपरा तक, और वह भी बलिया होकर, चलाने का निर्णय लिया गया है।
यह ट्रेन अब छपरा से सुबह 10:15 बजे चलकर बलिया होते हुए वाराणसी और फिर अहमदाबाद जाएगी। वापसी में अहमदाबाद से चलकर वाराणसी में दोपहर 10:20 पर पहुंचेगी और फिर बलिया होते हुए दोपहर 1:50 पर छपरा पहुंचेगी।
इससे गुजरात में काम करने वाले बलिया और आसपास के प्रवासी मज़दूरों, नौकरीपेशा और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, उज्जैन स्थित महाकाल धाम के दर्शन की यात्रा भी अब आसान हो जाएगी।
बलिया से पटना के लिए भी नई ट्रेन सेवा
जनपद वासियों की एक और महत्वपूर्ण मांग थी कि बलिया से सुबह पटना के लिए ट्रेन चलाई जाए और शाम को वापस लौटे। इस पर भी निर्भय नारायण सिंह ने कार्यवाही करते हुए आनंद विहार टर्मिनल से बलिया होते हुए पटना तक नई ट्रेन सेवा की व्यवस्था करवाई है।
यह ट्रेन बलिया से सुबह 6 बजे चलकर पटना पहुंचेगी और पटना से शाम 6 बजे वापस बलिया आएगी। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, इलाज के लिए जाने वालों और आमजन को बहुत सुविधा मिलेगी।
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की समय-सारिणी में हुआ संतुलन
यह नई ट्रेन सेवा स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की समय सारिणी में हुए बदलाव की भरपाई भी करेगी, जिससे दिल्ली की यात्रा करने वालों को अब वैकल्पिक सुविधा मिलेगी।
जनपद में हर्ष, निर्भय नारायण सिंह को मिल रहा धन्यवाद
बलिया के नागरिकों ने इन नई ट्रेन सेवाओं की घोषणा को बड़ी राहत माना है। श्रद्धालु, नौकरीपेशा, व्यापारी वर्ग और छात्र सभी निर्भय नारायण सिंह के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं और उन्हें धन्यवाद दे रहे हैं।
इन ट्रेनों की शुरुआत से न केवल बलिया बल्कि पूरे पूर्वांचल के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, जो अब बड़े धार्मिक और व्यापारिक केंद्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।