मीरजापुर – जनपद मीरजापुर में किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ समय से दिलाने हेतु जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैंक अधिकारियों की बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसानों की फसल क्षति का मुआवजा दिलवाने के लिए सभी बैंक 14 अगस्त 2025 तक शत-प्रतिशत बीमा प्रीमियम की वसूली और पोर्टल पर अपलोडिंग सुनिश्चित करें।
डीएम ने कहा कि कई किसानों की ओर से बीमा कराया गया है, लेकिन बैंक प्रीमियम काटने में लापरवाही कर रहे हैं, जिससे पोर्टल पर अपडेट नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा,
“यदि किसी किसान का प्रीमियम बैंक द्वारा नहीं काटा गया तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित बैंक की होगी। मुआवजा न मिलने पर किसानों की परेशानी के लिए बैंक उत्तरदायी माने जाएंगे।”
बैंक वार समीक्षा के दौरान खुली लापरवाही
बैठक में जिला कृषि अधिकारी अवधेश यादव द्वारा बैंकवार प्रीमियम जमा एवं पोर्टल अपलोड की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट में कई बैंकों द्वारा अपेक्षित कार्य न करने की बात सामने आई, जिस पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि:
“निर्धारित समय सीमा तक अपलोड न करने पर संबंधित बैंक अधिकारियों के विरुद्ध उनके उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी।”
बीमा कंपनियों को भी मिली सख्त चेतावनी
बैठक में उपस्थित बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को भी निर्देशित किया गया कि जैसे ही फसल क्षति के मामलों की जानकारी मिलती है, मुआवजे की राशि समय से किसानों को हस्तांतरित की जाए। किसानों को भटकना न पड़े, यह सुनिश्चित करना बीमा कंपनी की ज़िम्मेदारी है।
पेंशनर्स को लेकर भी दिए निर्देश
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी अर्चना त्रिपाठी ने पेंशनर्स से संबंधित एक महत्वपूर्ण निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी पेंशनधारी के खाते से तीन माह तक कोई लेन-देन नहीं होता, तो बैंक संबंधित सूचना तुरंत कोषागार को उपलब्ध कराएं।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी
-
जिला कृषि अधिकारी – अवधेश यादव
-
मुख्य कोषाधिकारी – अर्चना त्रिपाठी
-
प्रबंधक लीड बैंक
-
सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक व प्रतिनिधि