टीम आईबीएन न्यूज़
ब्यूरो रिपोर्ट | गाजीपुर
पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र राजभर ने उन पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “झूठा और मतलबी इंसान” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश राजभर ने अपने ही समाज के साथ गद्दारी की है और अब समाज उन्हें चुनाव में सबक सिखाने के लिए तैयार है।
“राजभर समाज को ठगा, बेटों को राजनीति में स्थापित करने में जुटे”
महेन्द्र राजभर ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर पिछले एक दशक से अपने बेटों को राजनीति में स्थापित करने में लगे हैं, लेकिन उन्होंने राजभर समाज के उत्थान के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी लगातार जनसंपर्क कर समाज को जागरूक करने और मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री रहते हुए ओमप्रकाश राजभर न तो समाज के लोगों की भलाई के लिए कोई ठोस कदम उठा पाए और न ही जिले के दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिला सके। इसीलिए जखनिया, सदर, जहूराबाद, जंगीपुर और मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी लगातार बैठकें कर रही है और जनता को आगामी योजनाओं से अवगत करा रही है।
“परिवारवाद में उलझे ओमप्रकाश, कार्यकर्ताओं की अनदेखी”
महेन्द्र राजभर ने कहा कि सुहेलदेव समाज पार्टी की स्थापना राजभर समाज के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए की गई थी, लेकिन ओमप्रकाश राजभर अपने परिवार के विकास में इतने व्यस्त हो गए कि उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सुध लेना भी बंद कर दिया। इसी कारण पार्टी से जुड़े लोगों ने अब उन्हें हराने का संकल्प ले लिया है।
सुहेलदेव समाज पार्टी से अलग होकर महेन्द्र राजभर ने सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का गठन किया और अब वाराणसी, गाजीपुर, बलिया और मऊ जिलों में राजभर समाज को एकजुट करने के लिए अभियान चला रहे हैं। इस क्रम में उन्होंने शादियाबाद थाना क्षेत्र के रायपुर इलाके में कई गांवों का दौरा कर समाज के लोगों से मुलाकात की और नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।
क्या सुभासपा में बड़ी टूट संभव?
महेन्द्र राजभर के बयानों के बाद सुभासपा में बड़े राजनीतिक बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। क्या वाकई राजभर समाज ओमप्रकाश राजभर से दूरी बना रहा है, या यह सिर्फ सियासी दबाव बनाने की रणनीति है? यह आगामी चुनावों में ही साफ हो पाएगा।
—
(टीम IBN24x7News के लिए रिपोर्ट)