रिपोर्ट: बी.आर. मुराद | IBN24x7 न्यूज़ | फरीदाबाद
फरीदाबाद: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक शारदा राठौर एक बड़े धोखाधड़ी कांड का शिकार हो गई हैं। उन्होंने थाना सेक्टर-17 में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने एक परिवार पर 10 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुई धोखाधड़ी?
जुलाई 2024 में शारदा राठौर की मुलाकात बृजभूषण शर्मा नामक व्यक्ति से हुई थी।
बृजभूषण ने खुद को राष्ट्रीय नेताओं का करीबी बताते हुए विश्वास दिलाया कि वह उन्हें बड़े नेताओं से मिलवा सकता है।
उसने अपनी बेटी कशिश उर्फ मेघा को एक IAS अधिकारी बताया और बेटों को बड़े नेताओं के बच्चों का मित्र बताया।
बृजभूषण ने अपने घर चाय पर बुलाकर शारदा राठौर को विश्वास में लिया। वहां उसकी पत्नी स्वीटी, और दो बेटे आकाश व अक्षय भी मौजूद थे।
परिवार ने उनसे सोशल मीडिया हैंडलिंग और नेताओं से मीटिंग करवाने के नाम पर 10 लाख रुपए मांगे, जो शारदा राठौर ने दे दिए।
चेक बाउंस और कैश भी नहीं दिया
शिकायत में बताया गया है कि न तो किसी नेता से मुलाकात करवाई गई और न ही सोशल मीडिया से संबंधित कोई काम किया गया।
जब शारदा राठौर ने पैसे वापस मांगे, तो बृजभूषण ने दो चेक दिए — 5 लाख और 3 लाख के।
लेकिन दोनों चेक बाउंस हो गए, और शेष 2 लाख कैश भी नहीं दिया गया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने पुष्टि की है कि बृजभूषण शर्मा और उसके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।