फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: सेक्टर-86 स्थित एकॉर्ड सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग के डायरेक्टर डॉ. विक्रम दुआ और डॉ. रवि शंकर की टीम ने ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित मरीज का नाक के जरिये “एक्सटेंडेड नेजल एंडोस्कोपिक” तकनीक से सफल ऑपरेशन किया। तीन घंटे से अधिक समय तक चले इस ऑपरेशन के बाद मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है।
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. जितेंद्र कुमार ने इस सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि एकॉर्ड अस्पताल भविष्य में भी इसी तरह जटिल ऑपरेशन करता रहेगा।
ईराक से आई मरीज को मिला जीवनदान
ईराक निवासी 62 वर्षीय महिला कई वर्षों से सिरदर्द और आंखों की रोशनी कम होने की गंभीर समस्या से जूझ रही थी। उन्होंने ईराक और अन्य देशों में इलाज कराया, लेकिन खास सुधार नहीं हुआ। अंततः वह फरीदाबाद के एकॉर्ड अस्पताल पहुंचीं, जहां जांच में पाया गया कि ट्यूमर खोपड़ी के आधार (स्कल बेस) पर स्थित है, जो बेहद संवेदनशील और जटिल स्थान है।
पारंपरिक सर्जरी से अलग और सुरक्षित तकनीक
डॉ. विक्रम दुआ ने बताया कि सामान्यत: ऐसे मामलों में सिर की हड्डी काटकर ऑपरेशन करना पड़ता है, जो दर्दनाक और लंबी रिकवरी वाला होता है। इस प्रक्रिया में खून की अधिक जरूरत भी पड़ती है।
लेकिन इस नई तकनीक के जरिए बिना सिर या चेहरे पर कट लगाए, नाक के रास्ते ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से हटा दिया गया।
तकनीक की खासियत
-
ऑपरेशन के बाद चेहरे या सिर पर कोई निशान नहीं
-
दर्द बहुत कम
-
मरीज तेजी से सामान्य जीवन में लौट सकता है
-
आंखों की रोशनी पूरी तरह वापस आ गई
यह सर्जरी न केवल मरीज के लिए जीवन बदलने वाली साबित हुई, बल्कि जटिल ब्रेन ट्यूमर मामलों के इलाज में एक नई उम्मीद लेकर आई है।
भविष्य में वरदान साबित होगी यह तकनीक
विशेषज्ञों का मानना है कि “एक्सटेंडेड नेजल एंडोस्कोपिक सर्जरी” भविष्य में उन मरीजों के लिए वरदान होगी, जिन्हें पारंपरिक सर्जरी से अधिक जोखिम और लंबी रिकवरी का सामना करना पड़ता है।
अस्पताल न्यूरोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. रोहित गुप्ता ने कहा कि इस उपलब्धि ने एकॉर्ड अस्पताल को न्यूरो सर्जरी के क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर इलाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुंचा दिया है।
उन्होंने यह भी बताया कि ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज उपलब्ध कराने के लिए वर्ल्ड स्ट्रोक ऑर्गनाइजेशन ने एकॉर्ड अस्पताल को सात बार अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड से सम्मानित किया है।