बरियारपुर (देवरिया)। जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआनी चौराहे पर सोमवार रात लगभग 8 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई है।
एक बिना नंबर की सफेद कार और उसके पीछे चल रही पल्सर बाइक पर सवार युवकों ने स्थानीय निवासी दिनेश कुमार गुप्ता को जबरन कार में बैठा लिया। यह पूरी घटना आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने के बाद बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पैसे के लेनदेन का मामला बताया जा रहा
मौके पर मौजूद लोगों और सूत्रों के अनुसार, यह घटना पैसे के लेनदेन से जुड़ी बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस पूरे मामले को लेकर जब उच्च अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला, जिससे कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।