फरीदाबाद ब्यूरो रिपोर्ट
फरीदाबाद: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को फरीदाबाद पहुंचे और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के निवास पर जाकर उनकी भाभी स्व. रेनू गोयल के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने स्व. रेनू गोयल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में परिवार को धैर्य बनाए रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
समाज के लिए अपूर्णीय क्षति
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्व. रेनू गोयल का अचानक इस दुनिया से जाना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उनका निधन न केवल परिवार के लिए बल्कि समाज के लिए भी अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने उन्हें एक स्नेही, सरल और सौम्य स्वभाव की महिला बताते हुए कहा कि उनके व्यक्तित्व और कार्यों की स्मृति सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।
रेनू गोयल का जीवन परिचय
बता दें कि 65 वर्षीय रेनू गोयल का 24 सितंबर को अचानक निधन हो गया था। वे स्व. विनोद गोयल की धर्मपत्नी थीं और अपने पीछे तीन बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गईं।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और अधिकारी मौजूद रहे। इनमें फरीदाबाद मंडल आयुक्त संजय जून, पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता, डीसी विक्रम सिंह, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव राजीव जेटली, एसडीएम अमित कुमार, मीडिया कोऑर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ भाजपा अध्यक्ष सोहन पाल सिंह आदि प्रमुख रहे।
सभी ने स्व. रेनू गोयल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
परिवार की ओर से उपस्थित सदस्य
परिवार की ओर से मंत्री विपुल गोयल के भाई अशोक गोयल, भतीजे अमन गोयल व हितेश गोयल, और भतीजी एकता सिंघल सहित परिजन उपस्थित रहे।