फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सुमित गौड़ ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, बेरोजगारी, जलभराव, कूड़े के ढेर और टूटी सड़कों ने सरकार की नाकामी को उजागर कर दिया है।
गौड़ सेक्टर-10 स्थित जिला कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजन ओझा, सत्यवीर डागर, वेदपाल दायमा, नितिन सिंगला, विकास दायमा, राजकुमार शर्मा, संजय सोलंकी, रेणू चौहान वशिष्ठ, वरुण बंसल, मोहम्मद बिलाल, मनोज कुमार और संजय शर्मा मौजूद रहे।
स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता से धोखा
गौड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्री, विधायक और पार्षदों ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के नाम पर जनता के टैक्स और खून-पसीने की कमाई को लूटने का काम किया है। फरीदाबाद की हालत देखकर साफ है कि भाजपा केवल कागजों में विकास कर रही है।
आमजन की आवाज उठाई
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हर समय जनता की आवाज उठाई है। चाहे बरसाती पानी में नाव चलाना हो, कूड़े के ढेर पर प्रदर्शन करना हो या लघु सचिवालय पर विरोध—कांग्रेस हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है।
गौमाता की दुर्दशा पर सवाल
सुमित गौड़ ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस गौमाता के नाम पर भाजपा राजनीति करती है, वही आज गंदगी के ढेरों में कूड़ा खाने को मजबूर है और सड़कों पर बेसहारा विचरण कर रही है। सरकार इनके लिए कोई ठोस व्यवस्था क्यों नहीं कर रही?
वोट चोरी का आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर ईवीएम में गड़बड़ी करके सत्ता में आने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार भाजपा सरकार की पोल खोल रहे हैं, और जल्द ही यह साबित भी होगा।
पंजाबी समाज की अनदेखी
गौड़ ने कहा कि सभी समाज सम्मान के पात्र हैं, लेकिन भाजपा व अन्य दलों ने पंजाबी समाज की अनदेखी की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पंजाबी समाज की आवाज को बुलंद करेंगे।
आंदोलन की चेतावनी
सुमित गौड़ ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक माह में फरीदाबाद की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस एक बड़े जनआंदोलन की तैयारी करेगी। इसमें प्रदेश स्तर के नेताओं को बुलाकर फरीदाबाद के विकास की लड़ाई लड़ी जाएगी।