बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के सभी विकास खंडों की रैंकिंग पर चर्चा हुई और लगातार खराब प्रदर्शन पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
📉 तीन बार खराब रैंकिंग पर होगी कठोर कार्रवाई
डीएम ने कहा कि यदि कोई विकास खंड लगातार तीन बार खराब रैंकिंग में पाया जाता है, तो संबंधित विकास खंड अधिकारी एवं एडीओ पंचायत के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सरकार की प्राथमिकता में है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
📋 ग्राम पंचायतों से कम आवेदन पर फटकार
बैठक में यह पाया गया कि जिले की अधिकांश ग्राम पंचायतों से बहुत कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को फटकार लगाई गई और निर्देश दिए गए कि
“प्रत्येक ग्राम पंचायत से एक से अधिक आवेदन अनिवार्य रूप से आने चाहिए।”
इसके साथ ही डीएम ने 01 जुलाई से अब तक प्राप्त आवेदन पत्रों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर मानी जाएगी।
🚫 अपात्र को लाभ मिला तो होगी जांच
डीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी अपात्र व्यक्ति को किसी की सिफारिश पर लाभ दिया जाता है और वह जांच में सामने आता है, तो उस पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।
🧾 गूगल शिफ्ट से होगी मॉनिटरिंग
डीएम ने निर्देशित किया कि Google Sheet बनाकर सभी 940 ग्राम पंचायतों का डेटा एकत्र किया जाए, जिसमें ग्राम पंचायत का नाम और दैनिक प्रगति रिपोर्ट स्पष्ट रूप से दर्ज हो। इस शिफ्ट के माध्यम से रियल-टाइम निगरानी की जाएगी।
💰 अन्य पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के साथ-साथ विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, विकलांग पेंशन योजना की भी समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि
-
ग्राम पंचायत सचिव पात्र व अपात्र लाभार्थियों की सूची का भौतिक सत्यापन करें
-
रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को प्रस्तुत की जाए
🔄 एडीओ पंचायत को 2-3 ब्लॉकों की जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि वर्तमान में 17 विकास खंडों में कार्यरत एडीओ पंचायत अधिकारियों को 2-3 ब्लॉक का चार्ज सौंपा जाए, ताकि योजनाओं की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।
🤝 बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत अधिकारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने सभी से अपील की कि मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के अनुरूप गरीब बेटियों की शादी में कोई बाधा न आने दी जाए और इस योजना को गंभीरता से लागू किया जाए।