फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: बल्लभगढ़ सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट के निवासियों को लगातार हो रही बारिश के बाद गंभीर जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। आलम यह है कि फ्लैट के चारों ओर घुटनों तक पानी जमा हो चुका है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। चारों तरफ से जलभराव होने के कारण लोगों का काम-धंधा रूक गया है और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आशियाना फ्लैट के सामने वाले रिहायशी इलाके और राजीव कॉलोनी का सारा पानी इसी परिसर के अंदर आ जाता है। इस वजह से पूरा फ्लैट एक जलाशय जैसा नजर आता है।
विधायक और पार्षद पर अनदेखी का आरोप
आशियाना फ्लैट के लोगों ने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र 86 के विधायक सतीश फाग्ना और पार्षद मुकेश डागर कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक फ्लैट की ओर ध्यान नहीं दे रहे। लोगों ने बताया कि आशियाना फ्लैट के प्रधान बॉबी डोगरा और टीम कई बार विधायक के निवास पर मिल चुके हैं लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है, काम कुछ नहीं होता।
स्थानीय निवासी आर.के. शर्मा ने कहा कि “सिर्फ आधे घंटे की बारिश होती है तो पूरा फ्लैट डूब जाता है, और हमारे फोन करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती।”
लोगों की नाराज़गी: चुनाव बाद याद नहीं आता आशियाना
फ्लैट के निवासियों ने यह भी कहा कि जब चुनाव आते हैं तो विधायक और अन्य नेता वोट मांगने आशियाना फ्लैट आ जाते हैं, लेकिन जीतने के बाद इस इलाके को पूरी तरह भूल जाते हैं। लोगों में गहरी नाराज़गी है और अब वे कह रहे हैं कि जब तक समस्या स्थायी रूप से हल नहीं होती, वे आगे विरोध प्रदर्शन भी करेंगे।
जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ठप
बॉबी डोगरा ने बताया कि आशियाना फ्लैट में बारिश का पानी दूसरे इलाकों से आता है और यहां कोई निकासी व्यवस्था नहीं है। पानी कई दिनों तक जमा रह जाता है जिससे गंदगी, मच्छर और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसके बावजूद कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि स्थायी समाधान नहीं निकाल रहा।
सरकार से स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने फरीदाबाद नगर निगम और हरियाणा सरकार से मांग की है कि यहां पाइप लाइन, नाली और पंपिंग सिस्टम बनाकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए। लोगों ने कहा कि जल्द उपाय नहीं किए गए तो वे मजबूर होकर प्रदर्शन करेंगे।