फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अपने कार्यालय सागर सिनेमा में स्थापना दिवस मनाया। भाजपा फरीदाबाद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए।
इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 6 अप्रैल केवल एक तारीख नहीं,बल्कि भारत के राष्ट्र विचार,सांस्कृतिक चेतना और राजनीतिक शुचिता के पुनर्जागरण का दिन है।
उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 वह ऐतिहासिक क्षण था,जब भारत की राजनीति ने परिवारवाद और स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम की भावना को आत्मसात किया। विपुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की स्थापना उन सिद्धांतों पर हुई है,जो सत्य,न्याय,सेवा और समर्पण के मार्ग पर आधारित हैं
यह वही दिन है जब भारतीय राजनीति को पार्टी विद डिफरेंस का स्वरूप मिला और देश को ऐसा नेतृत्व मिला,जो स्वयं के लिए नहीं,बल्कि राष्ट्र और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए कार्य करता है।उन्होंने कहा कि यह दिवस डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी,सरदार वल्लभ भाई पटेल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान राष्ट्रनायकों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक मजबूत शुरुआत का प्रतीक है। जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को उन्होंने राष्ट्रवाद,त्याग और वैचारिक दृढ़ता की यात्रा बताया। विपुल गोयल ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र राष्ट्र पहले,पार्टी बाद में,स्वयं अंत में
केवल एक नारा नहीं,बल्कि हर कार्यकर्ता के जीवन का मार्ग दर्शक सिद्धांत है।
यही विचार भाजपा को एक राजनीतिक दल से आगे बढ़ाकर एक संस्कार,एक परिवार और एक राष्ट्र निर्माण की शक्ति बनाता है।
उन्होंने वर्ष 2014 का उल्लेख करते हुए कहा कि जब देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जनादेश दिया,तो वह केवल सत्ता का परिवर्तन नहीं था,बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का ऐतिहासिक क्षण था। 2014 के बाद देश में शासन की सोच बदली,प्राथमिकताएं बदलीं और सत्ता का केंद्र आम नागरिक बन गया।
गांव से लेकर शहर तक,गरीब से लेकर मध्यम वर्ग तक,हर वर्ग के लिए योजनाएं बननी शुरू हुईं और उनका लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने लगा। उन्होंने आगे कहा कि अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य हुआ,जिसके परिणामस्वरूप आज समग्र भारत का विकास स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। गरीब कल्याण,बुनियादी सुविधाओं का विस्तार,स्वास्थ्य,शिक्षा,इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल क्रांति के माध्यम से देश एक नई ऊंचाई की ओर अग्रसर है। विपुल गोयल ने कहा कि यदि यह राष्ट्रवादी विचारधारा और मजबूत नेतृत्व देश को नहीं मिला होता,तो भारत जिस वैश्विक प्रतिष्ठा और विकास के स्तर पर खड़ा है,वहां पहुंचना संभव नहीं होता।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्णायक फैसलों ने राष्ट्रीय एकता,सुरक्षा और विकास को नई दिशा दी है और भारत को आत्मनिर्भर एवं सशक्त राष्ट्र बनाने की नींव को मजबूत किया है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं,पदाधिकारियों और फरीदाबाद के नागरिकों को भाजपा स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन हम सभी के लिए राष्ट्र सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने आह्वान करते हुए कहा,आज 6 अप्रैल 2026 को हम सभी यह संकल्प लें कि राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपना पूर्ण योगदान देंगे और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। इस दौरान मंत्री राजेश नागर,मेयर प्रवीण बत्रा जोशी,भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन,भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर,जिला मंत्री प्रवीण चौधरी सहित अन्य गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।