जनपद: गाजीपुर | रिपोर्ट: राकेश
शनिवार की देर रात गाजीपुर जिले के करण्ड़ा थाना क्षेत्र में एक हल्की लेकिन अहम मुठभेड़ के बाद पुलिस ने शातिर और 25 हजार के इनामी गौ-तस्कर गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई करण्ड़ा पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त घेराबंदी के दौरान अंजाम दी गई। पुलिस को आरोपी के पास से एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
संदिग्ध दिखते ही शुरू हुआ पीछा
जानकारी के अनुसार, पुलिस शनिवार की रात करण्ड़ा क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जमुआंव गांव के पास एक बाइक सवार संदिग्ध नजर आया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने फौरन तमंचा लहराया और बाइक से भागने लगा।
सूचना कंट्रोल रूम होते हुए स्वॉट टीम और करण्ड़ा पुलिस तक पहुंचाई गई। बड़सरा बाईपास पर घेराबंदी कर जैसे ही पुलिस ने उसे रोका, उसने फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
पेशेवर गौ-तस्कर निकला आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू यादव के रूप में हुई है, जो अंतरजनपदीय गौ-तस्कर है और उस पर पहले से ही ₹25,000 का इनाम घोषित था। वह गाजीपुर, चन्दौली समेत कई जिलों में वांछित है। उस पर गौवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, पशु क्रूरता, और आर्म्स एक्ट जैसी धाराओं के तहत 9 मुकदमे दर्ज हैं।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित वस्तुएं बरामद कीं:
-
देशी तमंचा (.315 बोर)
-
एक खोखा कारतूस
-
एक जिंदा कारतूस
-
बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल
हर बार पुलिस को देता रहा था चकमा
पुलिस के अनुसार, गोलू यादव लंबे समय से फरार चल रहा था और बार-बार गिरफ्तारी से बचता रहा। वह गिरोह के साथ मिलकर गौ-तस्करी करता था और पुलिस को कई बार गुमराह कर चुका है।
कौन-कौन रही टीम में शामिल?
इस ऑपरेशन में करण्ड़ा थाना पुलिस के साथ-साथ स्वॉट टीम, खिजिरपुर और बड़सरा चौकी की पुलिस शामिल रही। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।