परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सीसीटीवी, ट्रैफिक सिग्नल आदि लगाने के लिए दिए 3 करोड़ रुपये
बलिया शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर क्षेत्र के 10 प्रमुख चौराहों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत इस कार्य के लिए 3 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है।
इन चौराहों पर बड़ी LED स्क्रीन, ट्रैफिक सिग्नल लाइट, पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PA सिस्टम) और उन्नत सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह कदम यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
ये 10 चौराहे होंगे विकसित
जिला सड़क सुरक्षा समिति के नियंत्रण में निम्नलिखित चौराहों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा:
-
टीडी कॉलेज चौराहा
-
कुंवर सिंह चौराहा
-
एनसीसी तिराहा
-
मिड्ढी चौराहा
-
बस स्टैंड तिराहा
-
चित्तू पांडे चौराहा
-
रेलवे स्टेशन चौराहा
-
शहीद चौक
-
हनुमान मंदिर चौराहा
-
कदम चौराहा व जापलिनगंज चौराहा
कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। इसमें पूरे नगर क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा जाएगा, जिससे ट्रैफिक और सुरक्षा पर नजर रखी जा सके। अभी तक यह सुविधा बड़े शहरों में ही उपलब्ध थी, लेकिन अब बलिया में भी इसे लागू किया जा रहा है।
सुरक्षित यातायात के लिए बेहद जरूरी: दयाशंकर सिंह
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि शहर में बढ़ती दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात को सुचारू करने के लिए यह अत्यंत आवश्यक है। आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल और सीसीटीवी कैमरों की मदद से सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अलावा, LED स्क्रीन से यातायात संबंधी निर्देश और आवश्यक सूचनाएं लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। कंट्रोल रूम से पूरे सिस्टम की निगरानी की जाएगी, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात अधिक सुगम होगा।
यह परियोजना बलिया को स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।