Breaking News
images 1 1

बच्चों के साथ साउंड एंड लाइट शो का आनंद उठाएंगे राष्ट्रपति

 

रिपोर्ट ब्यूरो

 

गोरखपुर। 4 जून को गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह का शुभारंभ करने आ रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गोरखनाथ मंदिर में बाबा गोरखनाथ का दर्शन पूजन करने के साथ ही रामगढ़ताल की खूबसूरती भी निहारेंगे। महामहिम रामगढ़ताल की जेटी पर बच्चों के साथ साउंड एंड लाइट शो का आनंद उठाएंगे। राष्ट्रपति के आगमन पर इन कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार देर शाम अधिकारियों को हर व्यवस्था चाक चौबंद करने की हिदायत दी।
गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ताल क्षेत्र में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर साफ सफाई व सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। रामगढ़ताल की जेटी पर राष्ट्रपति साउंड एंड लाइट शो का अवलोकन करेंगे। इस अवसर पर वहां बच्चे भी उपस्थित रहेंगे। इन बच्चों द्वारा महामहिम का स्वागत भी किया जाएगा।

गोरखनाथ मंदिर में संस्कृत वेदपाठी बच्चे करेंगे राष्ट्रपति का स्वागत
गोरखनाथ मंदिर में बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर यहां राष्ट्रपति की अगवानी को लेकर हो रही तैयारियों का जायजा भी लिया। राष्ट्रपति यहां 4 जून को बाबा गोरखनाथ का दर्शन पूजन करेंगे। उनके आगमन पर संस्कृत वेदपाठी बच्चों द्वारा वैदिक रीति से उनका स्वागत किया जाएगा।

सीएम ने की विकास कार्यों की समीक्षा, अवैध टैक्सी स्टैंड हटाने के निर्देश
गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की। इस अवसर पर उन्होंने अवैध टैक्सी स्टैंड हटाने तथा स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि रोडवेज की बसें सड़क पर न खड़ी रहें। उन्होंने कहा कि सड़क सुगम यातायात का माध्यम होना चाहिए। किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं दिखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इंटीग्रेटेड ट्रेफिक मैनेजमेंट सिस्टम को सेफ सिटी प्रोजेक्ट से जोड़ने और सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत डायल 112 की गाड़ियों को हाईवे पर निरंतर पेट्रोलिंग की हिदायत भी दी।
उन्होंने कहा कि जब बदलाव दिखेगा तो लोग भी विकास के साथ जुड़ेंगे। सीएम ने देवरिया बाईपास को फोरलेन बनाने के काम में तेजी लाने तथा महानगर में जर्जर तारों को बदलने व भूमिगत केबल बिछाने का कार्य भी तीव्र गति से आगे बढ़ाने को कहा। बरसात के पूर्व जल निकासी के इंतजामों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माणाधीन नालों को पूर्ण कराने तथा सभी नालों की सफाई का निर्देश दिया। उन्हें बताया गया कि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मार्ग पर बन रहा नाला आगामी 15 दिन में पूर्ण हो जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी तैयारी की जाए ताकि महानगर के मोहल्लों में जलभराव न होने पाय।
मुख्यमंत्री ने आयुष विश्वविद्यालय व सैनिक स्कूल के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन दोनों के निर्माण कार्य में और तेजी लाई जाए। सीएम ने सड़क किनारे सभी नालियों को ढकने के साथ ही जनपद व शहर के सभी प्रवेश द्वारों को कचरा मुक्त रखने की हिदायत दी। इसकी जिम्मेदारी उन्होंने नगर निगम व नगर पंचायतों को सौंपी। बैठक में एडीजी जोन अखिल कुमार, डीआईजी जे रविंदर गौड, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा आदि मौजूद रहे।

About IBN NEWS MAHARAJGANJ

Check Also

IMG 20261014 WA0008

देवरिया – पथरदेवा विधानसभा-338 में भाजपा की करारी हार होगी : परवेज आलम

Ibn news Team DEORIA दिनेश गुप्ता देवरिया। विधानसभा क्षेत्र 338 पथरदेवा में आगामी विधानसभा चुनाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *