Breaking News
WhatsApp Image 2026 10 12 at 4.22.03 PM

मानव जीवन अनमोल, इसे भक्ति और सदाचार में लगाएं: संत पंकज महाराज

108 दिवसीय जनजागरण यात्रा के 53वें पड़ाव रोशनहर में दिया सत्संग संदेश, नशा त्यागने और शाकाहार अपनाने की अपील

मीरजापुर। “यह जन्म तुझे अनमोल मिला, जो चाहे इससे कमा बाबा। कुछ दीन कमा, कुछ दुनिया कमा, कुछ हरि के हेतु लगा बाबा।” संत पंकज महाराज ने अपने सत्संग संदेश में मानव जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से भक्ति, सदाचार और परोपकार के मार्ग पर चलने की अपील की। वह अपनी 108 दिवसीय जनजागरण यात्रा के तहत 53वें पड़ाव पर विकास खंड जमालपुर के ग्राम रोशनहर पहुंचे थे।
सत्संग के दौरान संत पंकज महाराज ने कहा कि मनुष्य को यह अनमोल शरीर बड़े सौभाग्य से मिला है। जीविका चलाने के साथ-साथ जीवन का कुछ समय भगवान की भक्ति और आत्मकल्याण में भी लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कलियुग में जीवात्माओं के कल्याण के लिए संतों का आगमन होता है। संत सद्गुरु आत्मा और परमात्मा के गूढ़ रहस्यों को समझाकर जीवात्मा को उसके वास्तविक लक्ष्य का बोध कराते हैं।
महाराज जी ने आत्मा और परमात्मा के संबंध को समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार कस्तूरी मृग की नाभि में होती है, लेकिन वह उसकी सुगंध को बाहर खोजता फिरता है, उसी प्रकार परमात्मा प्रत्येक जीव के भीतर विद्यमान हैं, फिर भी मनुष्य उन्हें बाहर तलाशता है। उन्होंने आत्मकल्याण और प्रभु प्राप्ति के लिए नामदान, सुमिरन, ध्यान और भजन की विधि समझाते हुए लोगों से इसे नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया।

नशामुक्ति और शाकाहार अपनाने पर दिया जोर

संत पंकज महाराज ने कहा कि भजन-भक्ति के मार्ग पर चलने के लिए शाकाहारी और नशामुक्त जीवन अपनाना आवश्यक है। समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने और प्रत्येक महिला को मां, बहन तथा बेटी के समान सम्मान देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि नशे और मांसाहार से दूर रहकर सदाचारपूर्ण जीवन अपनाने से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने खेती में रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग तथा खानपान की आदतों पर भी चिंता जताई। महाराज जी ने लोगों से अपने जीवन को शाकाहारी और सदाचारी बनाने, गांव-गांव में भजन-कीर्तन की परंपरा को बढ़ावा देने तथा समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

कई पदाधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोतीलाल सिंह, जगदीश प्रसाद यादव, सूरज मौर्या, रामजी, अनिल कुमार यादव, बबलू यादव तथा सहयोगी संगत लखीमपुर खीरी के नरेंद्र कुमार, रामचंद्र और मनोज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन में गिट्टी प्लांट मालिक आदर्श सिंह, कटर प्लांट मालिक बहादुर मौर्य, विजय नारायण सिंह और ग्राम प्रधान चंद्रबाला देवी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग रहा। सत्संग कार्यक्रम के समापन के बाद संत पंकज महाराज की जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव ग्राम मुजडीह, विकास खंड नरायनपुर के लिए रवाना हो गई। आयोजकों के अनुसार, वहां अगले दिन सुबह 11 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

About IBN NEWS

Check Also

IMG 20261014 WA0007

देवरिया – टूटते परिवार को बचा रहे हैं परिवार न्यायालय के परामर्शदाता

Ibn news Team DEORIA दिनेश गुप्ता देवरिया । आजकल हर रिश्ते में कड़वाहट आ जा …