फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं फरीदाबाद कांग्रेस की पर्यवेक्षक कृष्णा तीरथ ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं,भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है और आम जनता महंगाई,बेरोजगारी तथा सरकारी व्यवस्थाओं की बदहाली से परेशान है। भाजपा ने जनता से बड़े-बड़े वादे तो किए,लेकिन धरातल पर उन वादों को पूरा करने में सरकार नाकाम रही है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर जनता की आवाज बुलंद करें और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं
कृष्णा तीरथ शनिवार को बल्लभगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।सम्मेलन का आयोजन बल्लभगढ़ विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पराग शर्मा ने किया जबकि
संयोजन बल्लभगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रितु कुंडू ने किया। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से एक नवंबर की दिल्ली रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की वहीं संगठन को मजबूत करने,कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने पर जोर दिया गया। पूर्व मंत्री कृष्णा तीरथ ने
कार्यकर्ताओं से एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।
कार्यकर्ताओं की मेहनत, एकजुटता और जनता के बीच सक्रियता से ही संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आम आदमी,गरीब,किसान,मजदूर,युवा और महिलाओं के हितों की लड़ाई लड़ी है और आगे भी जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
सम्मेलन की आयोजक एवं बल्लभगढ़ विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पराग शर्मा ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार और स्थानीय व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि बल्लभगढ़ में विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है। क्षेत्र की जनता सड़कों,सफाई,जलभराव,पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रही है,लेकिन जनता की शिकायतों पर अपेक्षित गंभीरता से कार्रवाई नहीं हो रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है तथा भ्रष्टाचार के कारण आम लोगों का भरोसा सरकारी व्यवस्था से उठता जा रहा है। पराग शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार केवल प्रचार और घोषणाओं के सहारे जनता को गुमराह नहीं कर सकती। जनता अब अपने क्षेत्र में वास्तविक विकास,पारदर्शी व्यवस्था और जवाबदेही चाहती है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जनता के बीच जाएं और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख में भागीदार बनकर भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे।
आयोजक पराग शर्मा ने सम्मेलन में शामिल सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और सहयोग ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बल्लभगढ़ की जनता की समस्याओं को उठाने और क्षेत्र के विकास के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
सम्मेलन में एनआईटी के पूर्व विधायक नीरज शर्मा,फरीदाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक,तरुण तेवतिया,युवा अध्यक्ष विकास दायमा,एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष इशू पांडेय,डॉक्टर मुकेश भाटी योगिता भाटी पूर्व चेयरमैन जिला परिषद ,प्रियांशु चौधरी,अर्चना शर्मा,रामनिवास राठी,परम सराव आदि भी मौजूद रहे।