फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: बता दें कि 8 अक्टूबर की रात थाना पल्ला क्षेत्र के गांव तिलपत में आपसी रंजिश के चलते दो व्यक्तियों पर कुल्हाड़ी,लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला करने के मामले में अपराध शाखा DLF की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हमले में गंभीर रूप से घायल वली मोहम्मद नामक व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। जबकि दूसरे घायल तय्यब का अस्पताल में उपचार जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीशेर,समसुद्दीन उर्फ समसू,बबली और अज्जू, निवासी गांव तिलपत,फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार तैय्यब निवासी गांव तिलपत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे गली में उसके बेटे शाहिर उर्फ गुड्डू व भाई ताहिर को आरिफ और अज्जू की मोटरसाइकिल से टक्कर लग गई थी,जिसको लेकर विवाद हो गया था।
इसके कुछ समय बाद जब शिकायतकर्ता अपने भांजे वली मोहम्मद के साथ सब्जी लेने के लिए बाजार जा रहा था तो इसी दौरान गांव में समसू के मकान के सामने पहले से मौजूद आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया।
जिन्होंने कुल्हाड़ी,लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से शिकायतकर्ता तैय्यब और उसके भांजे वली मोहम्मद पर हमला किया। हमले में वली मोहम्मद के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं,जबकि तैय्यब भी घायल हो गया।
घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए बी.के. अस्पताल ले जाया गया,जहां पर वली मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। शिकायत पर थाना पल्ला में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़ित पक्ष एक ही परिवार से हैं तथा उनके बीच पहले भी कई बार आपसी विवाद हो चुका है।
8 अक्टूबर को शाहिर और ताहिर मोटर साइकिल पर जा रहे थे,जबकि दूसरी ओर से आरिफ और अज्जू मोटर साइकिल पर आ रहे थे। इसी दौरान दोनों मोटर साइकिलों की टक्कर हो गई,जिसको लेकर उनके बीच कहासुनी हुई।
इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए। कुछ समय बाद जब तैय्यब अपने भांजे वली मोहम्मद के साथ बाजार जाने के लिए निकला,तो आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोककर लात-घूंसों,लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
अहमले में गंभीर चोटें लगने के कारण वली मोहम्मद की मृत्यु हो गई। अज्जू को 7 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है बाकि तीन आरोपितों को जेल भेजा गया है।