फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्ग दर्शन में आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड ग्राउंड एवं खेल परिसर में पूर्वाभ्यास जारी है।
आज बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने रिहर्सल स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके साथ फरीदाबाद एसडीएम डॉ.हनी बंसल और सीटीएम अंकित कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने समारोह के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार होने वाले कार्यक्रमों के अभ्यास की समीक्षा की। रिहर्सल में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों,देशभक्ति गीतों,पीटी शो तथा अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों का पूर्वाभ्यास किया गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह के आयोजन में अनुशासन,समय बद्धता एवं सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए,ताकि कार्यक्रम गरिमा पूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य,गरिमामय एवं अनुशासित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों,कर्मचारियों,खिलाड़ियों,विद्यार्थियों तथा अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा राष्ट्रीय पर्व को देशभक्ति,उत्साह और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ मनाएं।