फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर पूरे देशभर में ‘सेवा पखवाड़ा 2025’ का शुभारंभ हुआ। फरीदाबाद में भी इस अवसर पर अनेक सामाजिक और जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन सहयोग शिविर और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योजनाएं शामिल रहीं।
फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित नेहरू कॉलेज और सेक्टर-11 स्थित तेरापंथ भवन में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। वहीं, सेक्टर-19 स्थित महावीर मंदिर में ALEMCO संस्था द्वारा दिव्यांगजनों के लिए विशेष कार्यक्रम संपन्न हुआ। इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कृष्णपाल गुर्जर का संबोधन
इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान शिविर में भागीदारी करने वाले युवाओं की सराहना करते हुए कहा:
“रक्तदान न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि यह समाज में जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान भी है। जरूरतमंद की मदद करना ही असली राष्ट्र सेवा है। युवाओं को ऐसे अभियानों में सक्रिय भाग लेना चाहिए।”
दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को मिला सहयोग
भारत सरकार द्वारा आयोजित 75वें सामाजिक अधिकारिता शिविर में जिले भर से आए वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों ने भाग लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय वयोश्री योजना और एडीपी योजना के तहत लाभार्थियों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कृष्णपाल गुर्जर ने लाभार्थियों को उपकरण प्रदान किए और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। यह कार्यक्रम ELIMCO (भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम), जयपुर के सहयोग से आयोजित किया गया।
“विकसित भारत@2047” के लक्ष्य की ओर कदम
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि सेवा पखवाड़ा जैसे अभियान समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत@2047” के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और समाजहित में योगदान दें।