फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:
पवित्र पर्व ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मौके पर फरीदाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी शहर की प्रमुख मस्जिदों, मदरसों, पार्कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा करने और कुर्बानी के लिए एकत्र होंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने करीब 600 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित की है।
📌 प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील क्षेत्रों पर फोर्स तैनात
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। प्रमुख मस्जिदों के साथ-साथ छोटी मस्जिदों और इबादतगाहों के आस-पास भी पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त पर रहेंगे।
🚦 यातायात व्यवस्था भी रहेगी सुचारू
ईद के दिन सुबह से लेकर दोपहर तक सड़कों पर वाहनों और पैदल यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वह ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित और बाधारहित बनाए रखें। किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती भी की जा रही है।
🕵️♀️ अपराध शाखा और साइबर टीम भी रहेंगी अलर्ट
सुरक्षा व्यवस्था को और भी सुदृढ़ करने के लिए अपराध शाखा की टीमें फील्ड में सक्रिय रहेंगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखने के लिए साइबर सेल की विशेष टीम को नियुक्त किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
🚓 फ्लैग मार्च से दिखा पुलिस का भरोसा
शांति व्यवस्था बनाए रखने के संदेश के साथ फरीदाबाद पुलिस ने तीनों जोन में फ्लैग मार्च भी निकाला। यह फ्लैग मार्च जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने और किसी भी संभावित असामाजिक गतिविधि को रोकने की दिशा में एक अहम कदम है।