Breaking News
IMG 20260916 WA0020

देवरिया – विद्यालयों के निरीक्षण में मिली कम उपस्थिति, डीएम ने दिए सुधार के निर्देश शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष फोकस के निर्देश 

Ibn news Team DEORIA

दिनेश गुप्ता

IMG 20260916 WA0020

देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार सुबह आठ बजे बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों की स्थिति देखी।

जिलाधिकारी ने विकास खण्ड बैतालपुर अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय बटुलही एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बटुलही का निरीक्षण किया। दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 50 प्रतिशत से कम पाई गई तथा शिक्षकों की उपस्थिति भी अपेक्षाकृत कम रही। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित एवं समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय तेंदुई का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों की उपस्थिति कम पाई गई। हालांकि, निरीक्षण के दौरान बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के साथ ही पठन-पाठन को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) का भी निरीक्षण किया। यहां 100 के सापेक्ष 91 छात्राएं उपस्थित मिलीं तथा सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता भी अच्छी मिली। जिलाधिकारी ने छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं एवं पठन-पाठन की व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में शिक्षक निर्धारित समय पर नियमित रूप से उपस्थित रहें और बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को विद्यालयों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा शिक्षकों की उपस्थिति एवं पठन-पाठन की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए संदर्शिका एवं टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) का प्रभावी उपयोग किया जाए तथा कक्षा शिक्षण को अधिक रुचिकर एवं प्रभावी बनाया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं शिक्षकों को बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के साथ-साथ उनके सीखने के स्तर पर विशेष ध्यान देने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

About IBN NEWS

Check Also

WhatsApp Image 2026 09 14 at 5.13.54 PM

जरगो बांध पर छह बदमाशों का धावा, युवक की हिम्मत से लूट की साजिश नाकाम

दो बाइकों से पहुंचे बदमाशों ने युवक को घेरा, शोर मचाते ही अंधेरे में भागे …