Ibn news Team DEORIA
रिपोर्ट दिनेश गुप्ता

देवरिया, सलेमपुर। श्री मुरली मनोहर रास मंदिर, प्रेम वृंदावन, सलेमपुर में चल रहे 16 दिवसीय श्री राधा-कृष्ण जन्म महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को भगवान श्रीकृष्ण के गोकुलोत्सव एवं नन्दोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की आनंदमयी स्मृति में आयोजित उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भजन-कीर्तन, सोहर और बधाई गीतों से पूरा मंदिर परिसर नन्दगांव और गोकुल की आनंदमयी लीलाओं से सराबोर हो उठा।
प्रातःकाल से ही मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना शुरू हो गई। माताओं ने भगवान के बालस्वरूप का विधिवत पूजन कर आरती उतारी तथा परिवार और समाज के सुख, शांति एवं मंगल की कामना की।
इस अवसर पर परमपूज्य गुरुश्री वेद प्रकाश जी महाराज ने नन्दोत्सव की शास्त्रीय एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीकृष्ण के जन्म के अगले दिन गोकुल में उमड़ा आनंद केवल एक बालक के जन्म का उत्सव नहीं था, बल्कि स्वयं परब्रह्म के प्रेममय स्वरूप के गोकुल में प्राकट्य का महोत्सव था।
उन्होंने श्रीमद्भागवत महापुराण के दशम स्कंध के पंचम अध्याय का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के नन्द के घर पधारने पर नन्द महाराज आनंद से अभिभूत हो गए और उन्होंने विधिपूर्वक जातकर्म एवं मंगल-विधानों का आयोजन किया।
उन्होंने कहा कि नन्दोत्सव का सबसे बड़ा संदेश आनंद है—ऐसा आनंद जो सांसारिक वस्तुओं से नहीं, बल्कि भगवान के प्रति प्रेम, श्रद्धा और समर्पण से उत्पन्न होता है। जिस प्रकार भगवान के गोकुल आगमन से प्रत्येक हृदय आनंद से भर गया था, उसी प्रकार यदि मनुष्य अपने हृदय में भगवान के लिए स्थान बना ले तो उसका जीवन भी गोकुल बन सकता है।
गुरुश्री ने कहा कि आज के समय में नन्दोत्सव की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। जिस घर में भगवान का नाम, भक्ति, प्रेम और सेवा का भाव है, वही घर गोकुल है और जिस हृदय में करुणा, निर्मलता एवं समर्पण है, वही नन्दबाबा का आंगन है।
पूर्वांचल के मनोहर लीला गायक सुनील स्नेही ने बांधा समां
नन्दोत्सव के अवसर पर भजन-कीर्तन का विशेष आयोजन हुआ। जन्मोत्सव के दौरान प्रस्तुति देने वाले ओमकार गुप्ता, विद्यासागर दुबे, सुनील स्नेही, अंकुर उपाध्याय, अनिल श्रीवास्तव, रंजीत कुशवाहा, मनोज कुमार, रमेश कुमार, अशोक गुप्ता, हीरामण यादव, कुंती चौरसिया, पूजा गुप्ता एवं कौशल्या देवी सहित अन्य गायक भक्तों ने श्रीकृष्ण जन्म, नन्दोत्सव, सोहर एवं बधाई गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं।
विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
———————————-
नन्दोत्सव के अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। पूजा-अर्चना, कथा, भजन-कीर्तन और भंडारे के चलते पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।