फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:पृथला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक चौधरी रघुबीर तेवतिया ने बुधवार को पलवल जिला सचिवालय में आयोजित जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भाग लेकर पृथला क्षेत्र की कई अहम समस्याओं को मंत्री आरती सिंह राव के समक्ष प्रमुखता से उठाया।
🛣️ टूटी सड़कें और घटिया निर्माण सामग्री पर सवाल
विधायक ने कहा कि ततारपुर-जटौला-असावटी मार्ग, जिसे बने अभी छह महीने भी नहीं हुए हैं, वह आज बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि घटिया निर्माण सामग्री की वजह से सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे न सिर्फ आवाजाही में परेशानी हो रही है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है।
🚰 ततारपुर में पीने के पानी की भारी किल्लत
उन्होंने ततारपुर गांव में पीने के पानी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया और कहा कि यह आम जनता की मूलभूत जरूरत है, जिसे जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
🛑 अवैध कब्जों पर भी उठाई आवाज
विधायक तेवतिया ने अलावलपुर रोड पुल से पहले मंडी चौक के पास और भुर्जा गांव के जोहड़ पर अवैध कब्जों की ओर ध्यान दिलाते हुए संबंधित विभागों से तुरन्त कब्जा मुक्त कराने की मांग की।
🏗️ नेशनल हाईवे 19 पर पुल निर्माण में देरी
नेशनल हाईवे-19 पर बघौला में बन रहे पुल के निर्माण कार्य की धीमी गति का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने कहा कि इस धीमी कार्यप्रणाली के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है। उन्होंने पुल निर्माण कार्य को शीघ्र गति देने की मांग की।
📋 मंत्री ने दिए कार्यवाही के निर्देश
विधायक की मांगों पर संज्ञान लेते हुए केबिनेट मंत्री आरती सिंह राव ने कई मामलों में कमेटी गठित कर तुरन्त जांच के आदेश दिए और बाकी मामलों पर शीघ्र कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
🎙️ विधायक का तीखा बयान
पत्रकारों से बात करते हुए विधायक रघुबीर तेवतिया ने कहा:
“सरकार एक ओर सबका साथ-सबका विकास की बात करती है, लेकिन पृथला क्षेत्र की बदहाली सरकार की कथनी और करनी के अंतर को दिखाती है। हम क्षेत्र के लोगों के हक़ की आवाज विधानसभा से लेकर हर मंच पर उठाते रहेंगे।”