Breaking News

उत्तम नगर घटना पर जमीयत उलमा-ए-हिंद का कड़ा संज्ञान, जॉइंट पुलिस कमिश्नर जतीन नरवाल से की मुलाकात

नई दिल्ली:उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में 26 वर्षीय तरुण कुमार की मृत्यु के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को लेकर जमीयत उलमा-ए-हिंद ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। संगठन के एक प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष मौलाना महमूद अरसद मदनी के निर्देश पर पश्चिमी रेंज के जॉइंट पुलिस कमिश्नर जतीन नरवाल से जनकपुरी स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की।

प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व जमीयत उलमा-ए-हिंद के महासचिव मौलाना मोहम्मद हकीमुद्दीन कासमी ने किया। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ रही सांप्रदायिक तनाव पूर्ण स्थिति और कुछ तत्वों द्वारा की जा रही उत्तेजक गतिविधियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा गया। साथ ही इस पूरे मामले के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री,दिल्ली के उप-राज्यपाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त को भी पत्र भेजा गया है। प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि घटना के बाद क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

कुछ सांप्रदायिक तत्व लगातार माहौल को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। मुसलमानों और उनकी संपत्तियों को निशाना बनाने की धमकियां दी जा रही हैं। सोशल मीडिया पर भी भड़काऊ वीडियो और नारे प्रसारित कर एक पूरे समुदाय को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जा रही है। ज्ञापन में कहा गया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश की राजधानी में ऐसे तत्व खुले आम नरसंहार जैसी धमकियां दे रहे हैं और उन्हें कानून का कोई भय नहीं दिखाई देता है।

जमीयत उलमा-ए-हिंद ने अपने ज्ञापन में कहा कि तरुण कुमार की मृत्यु अत्यंत दुखद है और संगठन शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। साथ ही यह भी कहा गया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए,ताकि सभी तथ्य सामने आ सकें।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना दो पक्षों के बीच हुए विवाद का परिणाम प्रतीत होती है,लेकिन कुछ तत्व इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि घटना के बाद आरोपियों और उनके पड़ोसियों के घरों में तोड़फोड़,लूटपाट और आगजनी की घटनाओं की जानकारी मिली है।

इसके साथ ही नगर निगम द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए हैं। ज्ञापन में कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट स्पष्ट कर चुका है कि किसी भी नागरिक के खिलाफ कार्रवाई केवल कानूनी प्रक्रिया (Due Process of Law) के तहत ही की जानी चाहिए।
➡️जमीयत उलमा-ए-हिंद ने सरकार और पुलिस प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं।
▪️सांप्रदायिक नफरत फैलाने और हिंसा के लिए उकसाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

▪️सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भड़काऊ और नफरत भरे संदेशों पर तुरंत रोक लगाई जाए।
▪️जेजे कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
▪️घटना के बाद हुई तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

▪️रमजान और ईद-उल-फितर को ध्यान में रखते हुए मुसलमानों को दुकानें खोलने, मस्जिदों में नमाज अदा करने और ईदगाह में नमाज पढ़ने के लिए पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
इस पर जॉइंट पुलिस कमिश्नर जतीन नरवाल ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और नफरत तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बाहरी लोगों के इलाके में प्रवेश पर पहले ही रोक लगा दी गई है और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए शांति समिति की बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि मुसलमानों को धार्मिक गतिविधियों और रोजमर्रा के कामकाज के लिए पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने तुरंत स्थानीय थाने से संपर्क कर बाजार की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि दुकानें सामान्य रूप से खोली जाएं तथा मुस्लिम दुकानदारों को पूरी सुरक्षा दी जाए।

प्रतिनिधि मंडल में मौलाना अज़ीमुल्लाह सिद्दीकी कासमी (सचिव,जमीयत उलमा-ए-हिंद),एडवोकेट मोहम्मद नूरुल्लाह (सुप्रीम कोर्ट),मौलाना मोहम्मद कासिम नूरी (अध्यक्ष जमीयत उलमा दिल्ली),मौलाना कारी आरिफ कासमी (उपाध्यक्ष),हाफिज मोहम्मद यूसुफ आज़मी (सचिव,जमीयत उलमा दिल्ली),मुफ्ती मोहम्मद जाकिर कासमी (केंद्रीय कार्यालय) तथा कारी फुरकान चौधरी (अध्यक्ष,जमीयत उलमा उत्तर-पश्चिम दिल्ली) शामिल थे।

स्थानीय लोगों में जमील अहमद (सामाजिक कार्यकर्ता) और मोहम्मद सरताज भी प्रतिनिधि मंडल के साथ मौजूद रहे और उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र की स्थिति तथा लोगों की चिंताओं से अवगत कराया।

इस अवसर पर महासचिव ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जमीयत उलमा-ए-हिंद हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

About IBN NEWS

At IBN24x7NEWS, we are dedicated to delivering accurate, unbiased, and timely news to our readers. Our goal is to provide fact-based journalism that keeps you informed about the latest developments across India and beyond.

Check Also

IMG 20260622 WA0020

थाना अहरौरा पुलिस द्वारा 6 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

मीरजापुर। अपर्णा रजत कौशिक पुलिस अधीक्षक जनपद मीरजापुर द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं …