फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी कड़ी में, अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने बाईपास रोड, सेक्टर-37 पर हुए चाकू से गोदकर हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ओम चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या का मामला दर्ज
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी कि 15 मार्च को आकाश, निवासी मोलड़बंद, दिल्ली ने अपने भाई दीपक की हत्या को लेकर थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 14/15 मार्च की रात दीपक की बाईपास रोड, सेक्टर-37 पर एक बस के अंदर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस की कार्रवाई
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (अपराध) ने अपराध शाखा डीएलएफ को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी ओम चौहान (निवासी जिला मैनपुरी, उत्तर प्रदेश, वर्तमान में मोलड़बंद, दिल्ली में किरायेदार) को गिरफ्तार किया।
हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक दीपक और आरोपी नशे के आदी थे। दीपक अक्सर आरोपियों को परेशान करता था और पैसों के लिए दबाव बनाता था, जिससे तंग आकर आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर 14/15 मार्च की रात बस में चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की गहराई से जांच जारी है।