मवई, अयोध्या: जनपद अयोध्या से लेकर कस्बा रुदौली व ब्लॉक मवई के ग्राम नेवरा में सोमवार को ईद उल फितर का त्योहार हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोग ईद-उल-फितर की नमाज अदा करने के लिए ईदगाह की ओर रवाना हुए। 
इस अवसर पर जामा मस्जिद नेवरा के इमाम मौलाना कामिल हुसैन नदवी ने नमाज से पूर्व तकरीर में कहा कि ईद उल फितर का त्योहार मोहब्बत, आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने नौजवानों से अपील की कि वे अपनी जिंदगी को नबी ए करीम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के बताए हुए रास्ते पर चलाएं, तभी सच्ची कामयाबी मिलेगी।
मरकजी ईदगाह नेवरा में हाफिज मुईनुद्दीन अंसारी ने ईद की नमाज अदा कराई। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां बांटी।
अकीदत और उल्लास से अदा की गई नमाज
ईदगाह नेवरा में आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग पहुंचे और नमाज अदा की। इसके अलावा, ईदगाह मवई, ईदगाह बरौली, ईदगाह दुल्लापुर (पैगंबर नगर), अशर्फियां ईदगाह मांजनपुर, ईदगाह बरतरा, ईदगाह सण्डवा, ईदगाह मखदूमपुर, मस्जिद जैसुखपुर, मस्जिद सज्जादिया रानीमऊ, मस्जिद सैयदना बिलाल पारोली, नूरानी मस्जिद नेवरा समेत कई स्थानों पर अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की गई।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
ईद के मौके पर थाना मवई प्रभारी संदीप कुमार त्रिपाठी ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी तरह की असुविधा न हो और लोग शांतिपूर्वक त्योहार मना सकें।
✍🏻 मुदस्सिर हुसैन, IBN NEWS