फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नीरज गुप्ता ने हरियाणा बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा की हरियाणा सरकार का यह बजट पूरी से तरह खोखला और निराशाजनक है। बजट में फ़रीदाबाद को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया है,जिसमें आम आदमी,किसान,मजदूर,मध्यम वर्ग और ग्रामीणों को कोई राहत नहीं मिली है।
भाजपा सरकार के इस दिशाहीन बजट ने प्रदेश की जनता को एक बार फिर से निराश किया है। यह जानविरोधी बजट हमारे हरियाणा को गर्त में डालने का काम करेगा। कांग्रेसी नेता नीरज गुप्ता ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से हरियाणा की जनता जिन ठोस बदलावों की प्रतीक्षा कर रही थी,इस बजट में उनका कोई स्पष्ट उत्तर दिखाई नहीं देता।
बार-बार वही योजनाएं, वही घोषणाएं,केवल नाम और शब्दावली बदलकर नए पैकेज की तरह प्रस्तुत कर दी जाती हैं। न कोई नई सोच,न कोई दीर्घकालिक रोड़ मैप। बजट की प्रक्रिया में औपचारिकताओं,तकनीकी प्रबंधन,योजनाओं की लंबी सूची और बड़ी-बड़ी घोषणाओं पर अधिक ज़ोर दिखाई देता है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि इससे आम नागरिक को वास्तविक राहत कैसे मिलेगी।
यह सरकार घोषणाएं तो बड़े जोर-शोर से करती है,लेकिन उन्हें पूरा करना भूल जाती है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का विरोध करेगी और सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाएगी।