भीनमाल: पुलिस ने 10 लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में 2 गिरफ्तारी वारंट के तहत केजीएन ईंट सप्लायर्स के मालिक को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को हिरासत में लेने के बाद श्रीगंगानगर जिले के घड़साना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
थानाधिकारी रामेश्वर भाटी ने बताया कि न्यायिक मजिस्ट्रेट, घड़साना से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर जसवंतपुरा रोड, अशोक नगर निवासी दाउद खान पुत्र उमराव खान को शनिवार को गिरफ्तार किया गया और घड़साना पुलिस को सौंप दिया गया।
क्या है मामला?
मामला वर्ष 2020 का है, जब आरोपी श्रीगंगानगर जिले के घड़साना से ईंट मंगवाकर सप्लाई करता था। वह चेक के जरिए ईंटों के ट्रक मंगवाता था, लेकिन भुगतान न होने के कारण 10 लाख रुपये का चेक बाउंस हो गया। इस पर आरोपी के खिलाफ 2 गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी दाउद खान के खिलाफ घड़साना थाने में करीब 5 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के तहत उसे घड़साना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है।