अयोध्या ब्यूरो | कामता शर्मा
बीकापुर, अयोध्या – चौरे बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र के मंगारी के पास प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार शाम करीब 4 बजे हुए सड़क हादसे में एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जनपद के रूपामऊ असंद्रा निवासी प्रमोद कुमार (40 वर्ष) अंबेडकर नगर जनपद के कटका थाना में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह मंगलवार को अवकाश लेकर बाइक से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के मंगारी चौरे बाजार के पास पहुंचे, अयोध्या से सुल्तानपुर की ओर जा रही एक ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय पुलिस चौकी चौरे बाजार की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल हेड कांस्टेबल को सवारी ऑटो से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बीकापुर भेजा गया।
डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर किया
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर अनुराग गुप्ता ने बताया कि प्रमोद कुमार के पैर में फैक्चर है, जिसके चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने की मदद
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय यादव अस्पताल पहुंचे और एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल हेड कांस्टेबल को जिला अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना में उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।