बी.आर. मुराद की रिपोर्ट | फरीदाबाद
फरीदाबाद में नशा तस्करी और अवैध नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ अब प्रशासन और पुलिस विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई एक अहम समीक्षा बैठक में नशे के विरुद्ध ठोस कार्यवाही पर जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में उठे गंभीर मुद्दे:
सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में आयोजित इस बैठक में नार्को, चिन्हित अपराध, एससी-एसटी एक्ट और सुरक्षा समीक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि चेकिंग अभियान की रिपोर्ट बैठक में अनिवार्य रूप से लाएं और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अवैध नशा मुक्ति केंद्रों पर छापेमारी के आदेश:
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध रूप से संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि खुले में शराब पीने वाले व्यक्तियों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस-प्रशासन चलाएगा संयुक्त अभियान:
डीसी विक्रम सिंह ने पुलिस विभाग को आरडब्ल्यूए, पार्षदों और ग्राम सरपंचों के सहयोग से नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक किया जाए।
शिक्षा विभाग के साथ मिलकर जागरूकता:
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने शिक्षा विभाग के सहयोग से 13 कार्यक्रमों का आयोजन किया है, जिसमें विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में मौजूद अधिकारी:
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसडीएम फरीदाबाद शिखा, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह, एसीपी राजीव, एसीपी महेश श्योराण, स्वास्थ्य विभाग, और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।