अयोध्या जिले में लधानी ग्रुप की चांदपुर स्थित अमृत बॉटलर्स और रामनगर स्थित उनके आवास पर आयकार विभाग की टीम ने शुक्रवार को छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आयकर अधिकारियों ने प्लांट और आवास को पूरी तरह से बंद करा दिया। सुबह करीब सात बजे शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक चली।
इस दौरान यहां हलचल की स्थिति रही।आयकर अधिकारियों की टीम सुबह लगभग सात बजे ही पांच गाड़ियों से उनके चांदपुर स्थित अमृत बाटलर्स फैक्टरी और इसके मालिक राकेश लधानी के रामनगर कॉलोनी पर पहुंच गई। दोनों स्थानों पर पहुंचते ही अफसरों ने मुख्य प्रवेश द्वार बंद करा दिया। किसी को भी बाहर जाने की इजाजत नहीं दी। बताया गया है कि अफसरों ने आयकर से संबधित अभिलेखों की जांच पड़ताल शुरू कर दी।
लगभग दो बजे आयकर विभाग की एक और गाड़ी भी फर्म पर पहुंची। इस दौरान पुलिस के वाहन आए और गए। हालांकि आयकर विभाग के अफसरों ने कुछ भी बोल नहीं रहे थे। न ही वह लोग जांच पड़ताल के दौरान बाहर निकले। जांच की कार्रवाई देर शाम तक चली। बता दें कि आयकर विभाग ने शुक्रवार को लखनऊ, उन्नाव, नोएडा, आगरा, बरेली, दिल्ली, गुरुग्राम में लधानी ग्रुप के ठिकानों पर छापा मारने की कार्रवाई की है।