Ibn news Team DEORIA
रिपोर्टर दिनेश गुप्ता

भाटपार रानी देवरिया विकास खंड रुद्रपुर के ग्राम रामचक में प्रत्युष विहार स्कूल के सामने सड़क पर पिछले सात-आठ वर्षों से जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। समस्या के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायतें करने, मुख्यमंत्री तक गुहार लगाने और अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इसी क्रम में सोमवार को एक बार फिर जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की गई है। सड़क का स्तर नीचे होने और नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है। स्थिति यह है कि स्कूली बच्चों को प्रतिदिन कीचड़ और गंदे पानी से होकर विद्यालय आना-जाना पड़ता है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। वर्षों से समस्या कायम रहने और बार-बार गुहार के बावजूद समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में भी नाराजगी है। जनसुनवाई पोर्टल पर की गई शिकायत में सड़क का आवश्यक उच्चीकरण कराने, नाली की मरम्मत तथा समुचित जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की गई है, ताकि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।