Breaking News
WhatsApp Image 2026 10 21 at 5.59.43 PM 1

गाजे-बाजे के साथ निकली मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा, नम आंखों से दी गई विदाई

अहरौरा में नगर भ्रमण के बाद जलाशय में विसर्जित की गईं मां दुर्गा की प्रतिमाएं, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

मीरजापुर। अहरौरा नगर एवं ग्रामीण अंचलों में शारदीय नवरात्र के दौरान स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का बुधवार को गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण कराने के बाद निर्धारित जलाशयों एवं तालाबों में विसर्जन किया गया। मां दुर्गा की विदाई के दौरान पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। जगह-जगह घरों की छतों और बरामदों में खड़े श्रद्धालु मां जगदंबा के दर्शन करते रहे। वहीं, महिलाओं ने देवी गीत गाकर माता को भावपूर्ण विदाई दी।

नगर के विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा एवं अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए सुबह से ही पूजा समितियों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की थाप और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते तथा अबीर-गुलाल उड़ाते हुए विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। मां के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

विसर्जन शोभायात्रा की शुरुआत सम्मेतर त्रिमुहानी समिति की मां जगदंबा की प्रतिमा के साथ हुई। इसके बाद गोला सहुवाईन समिति, पटवा टोला, चौक बाजार समिति, कोइरान बाजार समिति, बूढ़ादेई रवानी टोला समिति, डीह समिति सहित अन्य स्थानों की प्रतिमाएं गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा में शामिल हुईं। नई बाजार चुंगी पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं की भव्य आरती की गई। इसके बाद वाहनों के माध्यम से प्रतिमाओं को अहरौरा थाना क्षेत्र स्थित जलाशय (बांध) पर ले जाया गया, जहां विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया।

विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों में उत्साह के साथ माता की विदाई को लेकर भावुकता भी दिखाई दी। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए खड़े रहे। वही पटवा टोला समिति के तरफ से रास्ते में डमरू, ढोल अन्य चीजों से प्रदर्शन युवाओं ने किया।

नगर पालिका की ओर से की गई व्यवस्था

प्रतिमा विसर्जन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद अहरौरा की ओर से जलाशय स्थल पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं 399 मड़िहान विधानसभा से जुड़े गुलाब मौर्य, अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह, आशीष कुमार, कुमार आनंद, सिद्धार्थ सिंह मिक्की, प्रमोद मौर्या, अजय गुप्ता, त्रिलोकी केसरी, संजय जायसवाल, प्रभु मौर्या, मुलायम सिंह, जयकिशन जायसवाल, दिनेश सोनकर सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। थानाध्यक्ष अजय मिश्रा, नगर चौकी प्रभारी आशीष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी बांध स्थित विसर्जन स्थल पर तैनात रहे। पुलिसकर्मियों की निगरानी में विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

About IBN NEWS

Check Also

IMG 20261024 WA0011

देवरिया – डीएम-एसपी ने 06 विकास खंडों के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

Ibn news Team DEORIA दिनेश गुप्ता देवरिया। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जनपद में …