Breaking News
IMG 20261021 WA0012

देवरिया में दो युवकों की हत्या से सनसनी, सड़क पर मिले खून से लथपथ शव; खुलासे के लिए तीन टीमें गठित

Ibn news Team DEORIA

रिपोर्टर दिनेश गुप्ता

IMG 20261021 WA0012

*देवरिया।* जिले में मंगलवार की रात दो युवकों की हत्या से हड़कंप मच गया। मईल थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास सड़क पर दोनों युवकों के खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों युवक दशहरा मेला देखने बाइक से निकले थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दोहरे हत्याकांड की सूचना पर पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई। एसपी अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के शीघ्र खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

 

मृतकों की पहचान मईल थाना क्षेत्र के करजहां निवासी वकील यादव पुत्र राजदेव यादव और इसी ग्रामसभा के ईटहुरा हजाम टोला निवासी विनय यादव पुत्र रामछबीला यादव के रूप में हुई है। दोनों मंगलवार को बाइक से दशहरा मेला देखने गए थे। इसके बाद उनके साथ क्या हुआ और किन परिस्थितियों में उनकी हत्या की गई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। घटनास्थल पर दोनों के शव सड़क पर पड़े मिले, जबकि उनकी बाइक किनारे खड़ी थी। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

 

**रेलवे और आवास विकास विभाग में कार्यरत थे दोनों**

 

दोहरे हत्याकांड का शिकार हुए वकील यादव रेलवे में कर्मचारी थे। उनकी ड्यूटी लार रोड स्थित केबिन पर थी। वहीं, विनय यादव को पिता की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी और वह गोरखपुर स्थित आवास विकास विभाग में कार्यरत थे। दोनों युवकों की हत्या की खबर से परिवारों के साथ गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन घटनास्थल से लेकर थाने तक पहुंचते रहे।

 

**112 पर मिली थी दो युवकों के घायल होने की सूचना**

 

पुलिस अधीक्षक देवरिया की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, मईल पुलिस को डायल 112 के माध्यम से रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास दो लोगों के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उनकी पहचान सुनिश्चित कर शवों को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम समेत आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।

 

प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हुआ। पुलिस के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

**हत्याकांड के खुलासे में जुटीं पुलिस की तीन टीमें**

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वारदात का जल्द खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। स्थानीय पुलिस के साथ विशेष टीमों को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस संभावित आरोपियों की पहचान करने, हत्या की वजह पता लगाने और वारदात से पहले तथा बाद की परिस्थितियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

 

दशहरा मेले के बीच रामजानकी मार्ग पर हुए इस दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों के संबंध में पुलिस ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। पुलिस जांच और आधिकारिक खुलासे के बाद ही दोनों युवकों की हत्या की पूरी वजह सामने आ सकेगी।

About IBN NEWS

Check Also

IMG 20261014 WA0009

देवरिया – मां कूष्मांडा की आराधना से जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होने की मान्यता

Ibn news Team DEORIA दिनेश गुप्ता देवरिया। शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों …