Ibn news Team DEORIA
दिनेश गुप्ता

देवरिया। विधानसभा क्षेत्र 338 पथरदेवा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती नजर आ रही हैं। मंगलवार को पूर्व मंत्री शाकिर अली के सुपुत्र परवेज आलम ने समाजवादी समर्थकों के साथ धुआंधार जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान सैकड़ों वाहनों के लंबे काफिले के साथ रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। रोड शो में उमड़ी भीड़ और वाहनों के काफिले को लेकर क्षेत्र की राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
परवेज आलम का रोड शो देवरिया धूस, शाहपुर शुक्ल, बिंदही, सुंदरपुर, केडी चौराहा, रामनगर, बघौचघाट और मलसी होते हुए पथरदेवा में समाप्त हुआ। रास्ते में कई स्थानों पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया और समाजवादी पार्टी की जीत का दावा किया।
*बघौचघाट में रूबुद्दीन ने भरी चुनावी हुंकार*
बघौचघाट में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ सपा नेता रूबुद्दीन ने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीबों, वंचितों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं भी कई बार विधानसभा क्षेत्र 338 पथरदेवा से टिकट के लिए आवेदन किया है, लेकिन पार्टी और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा सर्वोपरि रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेंगे, सभी समाजवादी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसके समर्थन में चुनाव लड़ेंगे। उनका लक्ष्य भाजपा को चुनाव में कड़ी चुनौती देना और उसे सत्ता से बाहर करने का प्रयास करना होगा। उन्होंने दावा किया कि अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य वर्गों के लोगों का भी समाजवादी पार्टी को समर्थन मिल रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर परवेज आलम ने कहा कि वह पक्के समाजवादी हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपने पिता के सम्मान में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से टिकट लेकर चुनाव लड़ा। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान उन्हें जनता का भरपूर प्यार और समर्थन मिला था।
परवेज आलम ने कहा कि समाजवादी पार्टी पिछड़ों, अनुसूचित वर्गों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती है। उन्होंने पीडीए की राजनीति का उल्लेख करते हुए कहा कि पीडीए वर्ग की आवाज को उसी वर्ग के लोग बेहतर तरीके से समझते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके पिता के सपने को पूरा करने के उद्देश्य से उन्हें पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का टिकट देते हैं, तो वह पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि ऐसी स्थिति में भाजपा को विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ेगा। कार्यक्रम के बीच मे परवेज आलम के द्वारा पत्रकार का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में मंजूर हसन, आजाद अंसारी, टीपू खान, मियां जी, बलिंदर कुशवाहा, मसूद अंसारी, मृत्युंजय यादव, नफीस खान, नईमुल्लाह खान, सुरेश यादव, धर्मेंद्र यादव, रामाधार कुशवाहा, हसरुद्दीन खान, बाबूलाल सिंह पटेल, डॉ. जैनुद्दीन, ओमप्रकाश प्रसाद, सुहैल अंसारी, रामाधार यादव और शानी खान सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।