Ibn news Team DEORIA
दिनेश गुप्ता

देवरिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सपा के प्रदेश सचिव एवं पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार चौधरी रामप्रकाश यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हुई खींचतान में उनके कपड़े भी फट गए।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद चौधरी रामप्रकाश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन देवरिया भेज दिया। बताया जा रहा है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव की रिहाई के बाद हिरासत में लिए गए नेताओं को भी पुलिस लाइन से रिहा कर दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम में पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति को लेकर एक चर्चा भी तेज हो गई है। प्रदर्शन के दौरान 338 विधानसभा क्षेत्र से प्रबल टिकट की दावेदारी कर रहे कई नेताओं की तस्वीरें या सक्रिय मौजूदगी देवरिया सुभाष चौक पर नजर नहीं आई, जबकि वर्ष 1995 से समाजवादी पार्टी के पक्ष में सक्रिय रूप से आवाज उठाने वाले चौधरी रामप्रकाश यादव सपा मुखिया की रिहाई के लिए सड़क पर संघर्ष करते दिखाई दिए।
चौधरी रामप्रकाश यादव पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र से सपा के टिकट के लिए तीन बार आवेदन कर चुके हैं। ऐसे में उनके हिरासत में लिए जाने और प्रदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने को पार्टी के भीतर उनकी लगातार सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पथरदेवा में टिकट की दावेदारी के बीच यह घटनाक्रम राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है।