Ibn news Team DEORIA
रिपोर्ट दिनेश गुप्ता

देवरिया। समाजवादी चिंतक, विचारक एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय मोहन सिंह की 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 22 सितंबर को उनके पैतृक नगर बरहज में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उस समय अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब मंच पर मौजूद कुछ युवा कार्यकर्ताओं की कथित हुड़दंग और धक्का-मुक्की के बीच कार्यक्रम की आयोजिका एवं पूर्व राज्यसभा सांसद कनकलता सिंह के घायल होने की बात सामने आई। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, शिवपाल सिंह यादव के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मंच पर कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ गई। इस दौरान कुछ युवा कार्यकर्ता मंच पर कुर्सियों पर बैठ गए और कई अन्य मंच पर इधर-उधर खड़े रहे। स्थिति को देखते हुए शिवपाल सिंह यादव को स्वयं कई बार कार्यकर्ताओं को अनुशासन बनाए रखने की नसीहत देनी पड़ी।
बताया जाता है कि मंच पर मौजूद सपा सांसद रमाशंकर राजभर कुछ समय के लिए कुर्सी पर बैठने के बजाय मंच की दरी पर बैठ गए। वहीं, संचालन कर रहे महासचिव मंजूर हसन के आसपास भी कई युवा कार्यकर्ता खड़े दिखाई दिए। मंच पर भीड़ और अव्यवस्था को लेकर कार्यक्रम के दौरान असहज स्थिति बनी रही।
सूत्रों का कहना है कि इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की की चपेट में पूर्व राज्यसभा सांसद कनकलता सिंह भी आ गईं और उन्हें चोट लग गई। हालांकि उन्होंने कार्यक्रम के दौरान अपनी पीड़ा जाहिर नहीं की और मुख्य अतिथि शिवपाल सिंह यादव के मंच पर रहने तक कार्यक्रम में बनी रहीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनकी तबीयत और चोट को लेकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके हाथ-पैर का एक्स-रे किया। इसके बाद प्लास्टर चढ़ाए जाने की जानकारी सामने आई है। उपचार के बाद वह घर लौट गईं और फिलहाल आराम कर रही हैं।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच मंच पर हुई अव्यवस्था चर्चा का विषय बनी रही। बताया गया कि कई बार कार्यक्रम आयोजिका अथवा जिलाध्यक्ष किसी कार्य से अपनी कुर्सी से उठे तो वापस आने पर उन्हें बैठने के लिए कुर्सी उपलब्ध कराने की स्थिति भी नहीं बनी। श्रद्धांजलि जैसे गंभीर एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम में इस प्रकार की अव्यवस्था को लेकर उपस्थित लोगों में नाराजगी दिखाई दी।
मुख्य अतिथि शिवपाल सिंह यादव ने भी मंच से कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचना चाहिए और कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पालन करना चाहिए। उनके संबोधन के दौरान मंच पर मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं की गतिविधियों को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
बताया जाता है कि शिवपाल सिंह यादव ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से अनुशासन सीखने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी की कमजोरी का एक कारण कार्यकर्ताओं की अनुशासनहीनता भी है।
स्वर्गीय मोहन सिंह को उनकी सादगी, अनुशासन और राजनीतिक चिंतन के लिए याद करते हुए आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ही मंच पर हुई कथित अव्यवस्था और आयोजिका कनकलता सिंह के घायल होने की घटना ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।