फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सेक्टर-16 स्थित सर्किट हाउस में नगर निगम के अधिकारियों,क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ठेकेदारों के साथ बैठक की।
मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों से एक-एक विकास कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि जिन कार्यों पर काम चल रहा है,उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही,जिन नए विकास कार्यों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है,उनके जल्द से जल्द टेंडर जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
सड़क,सीवर,जल निकासी,सफाई,स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए,ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मंत्री ने बैठक में मौजूद ठेकेदारों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि वे विकास कार्यों की गति बढ़ाएं और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूरा करें।
उन्होंने काम में अनावश्यक लापरवाही या लगातार देरी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आवश्यकता पड़ने पर ब्लैकलिस्ट करने की भी चेतावनी दी।
मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और मौके पर जाकर कार्यों की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आशीर्वाद से तिगांव विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
विकास कार्य समय पर पूरे होंगे तो इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही,देरी या अड़ंगा लगाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बैठक में जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार प्रजापति,जॉइंट कमिश्नर अमित मान,भाजपा नेता सुधीर नागर,अधीक्षण अभियंता ओमवीर,पार्षद एवं फाइनेंस कमेटी सदस्य प्रदीप टोंगर,पार्षद प्रतिनिधि शीश राम अवाना,पार्षद प्रतिनिधि सुमंत चंदेल,पार्षद लाल मिश्रा,पूर्व पार्षद उम्मीदवार अमित भारद्वाज सहित क्षेत्र के सभी एसडीओ,जेई और संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।