फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी एवं “सांसें मुहिम” संस्था के संयुक्त तत्वावधान में फरीदाबाद के रेडक्रॉस भवन परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संस्थागत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रकृति की रक्षा हम सबकी जिम्मेदारी: बिजेंद्र सौरोत
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित बिजेंद्र सौरोत, सचिव, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, फरीदाबाद ने इस अवसर पर कहा कि –
“पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। इस दिशा में हर नागरिक, हर सामाजिक संगठन और सरकार को एकजुट होकर कार्य करना होगा। जब तक हम प्रकृति के साथ सामंजस्य नहीं बैठाएंगे, तब तक विकास अधूरा है।”
पांच तत्वों की पवित्रता भी है जरूरी: डॉ. एमपी सिंह
रेडक्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य डॉ. एमपी सिंह ने पौधारोपण करते हुए कहा कि केवल पेड़ लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि जल, वायु, अग्नि, पृथ्वी और आकाश – इन पंच तत्वों की शुद्धता भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संकट आज वैश्विक चुनौती बन चुकी है और इसका एकमात्र समाधान है – प्रकृति के संरक्षण की सामूहिक भावना।
हर नागरिक लगाए कम से कम एक पेड़: पुरषोत्तम सैनी
उप अधीक्षक, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी पुरषोत्तम सैनी ने इस अवसर पर पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि –
“हर नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। केवल लगाना ही नहीं, उसकी देखभाल भी उतनी ही जरूरी है, जितनी संतान की होती है।”
सांसें मुहिम संस्था की प्रेरक अपील
“सांसें मुहिम” संस्था के संस्थापक जसवंत पवार ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि –
“जिस प्रकार मां-बाप अपने बच्चों को पालते हैं, उसी भावना से हमें पेड़ों की देखभाल करनी चाहिए। हर व्यक्ति को अपने माता-पिता, जन्मदिन, शादी की सालगिरह या अन्य विशेष अवसरों पर एक-एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। यही सच्चा पर्यावरण प्रेम है।”
उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण बचाने की शुरुआत स्वयं से होती है। जब प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाएगा और उसकी देखभाल करेगा, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम में रही संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के स्टाफ सदस्य डॉ. राकेश कुमार (फिजियोथेरेपिस्ट), प्रोजेक्ट मैनेजर सुशील कुमार, सुगम, राम किशोर, कमल, रामबरन, युवराज सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
पर्यावरण दिवस का सच्चा संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण न होकर जनजागरण भी था। यह प्रयास फरीदाबाद जैसे औद्योगिक शहर में हरियाली को बढ़ावा देने, पर्यावरण असंतुलन को कम करने और आमजन को जागरूक करने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम है।