Ibn news Team DEORIA
दिनेश गुप्ता

खुर्जा। एनआरईसी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार, 21 सितंबर 2026 को एनएसएस कार्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “विकसित भारत@2047 — मेरी कल्पना, मेरा संकल्प” रखा गया।
प्रतियोगिता में एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता के माध्यम से वर्ष 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी विकास एवं आत्मनिर्भर भारत जैसे विभिन्न विषयों को अपनी चित्रकला में अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. पुनीत शुक्ला, गणित विभाग के विभाग प्रभारी डॉ. हितेश सिंह, बी.एड. विभाग के डॉ. लोकेश कुमार तथा एनएसएस सहायक नरेंद्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने स्वयंसेवकों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में प्रियांशी, चंचल, सोनी, अयान, अभय सहित अनेक एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार दीक्षित के निर्देशन में किया गया।
प्रतियोगिता के परिणाम एवं पुरस्कार वितरण की घोषणा आगामी एनएसएस कैंप अथवा महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में की जाएगी।