फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: “साइकिल चलाएंगे, पैडल मारते जाएंगे, नशे को दूर भगाएंगे”—इसी नारे के साथ फरीदाबाद की सड़कों पर ‘नशा मुक्त हरियाणा’ का संदेश लेकर निकली एक अनोखी साइक्लोथॉन। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 5 अप्रैल को हिसार से शुरू की गई यह प्रदेशव्यापी साइकिल यात्रा अब फरीदाबाद पहुंची, जहां सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
यह साइक्लोथॉन हरियाणा के विभिन्न जिलों से होते हुए गुरुग्राम तक जाएगी, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का अनूठा अंदाज़
इस अभियान की सबसे खास बात रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा, जो साइकिल पर ‘लोटा और नमक’ लेकर चल रहे थे। वे हर शहर में लोगों से लोटे में नमक डलवाकर ‘नशा मुक्त हरियाणा’ का संकल्प दिलवा रहे हैं। यह एक प्रतीकात्मक सामाजिक संदेश है कि जैसे नमक जीवन में स्वाद लाता है, वैसे ही नशामुक्त जीवन सच्चे सुख की ओर ले जाता है।
ओमनी फाउंडेशन का उत्साहपूर्ण स्वागत
फरीदाबाद में रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन की टीम ने पोस्टरों और नारों के माध्यम से इस साइक्लोथॉन का स्वागत किया और लोगों को जागरूक किया। संस्था के सदस्य बिजेंद्र सैनी ने कहा,
“नशे के कारण कितने ही घर बर्बाद हो चुके हैं। युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ता जा रहा है। अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर नशे के खिलाफ आवाज़ बुलंद करें।”
नशा और ट्रैफिक सुरक्षा पर भी ज़ोर
बिजेंद्र सैनी ने ट्रैफिक नियमों पर भी जागरूकता फैलाई। उन्होंने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाने से दुर्घटनाएं होती हैं और 5000 रुपये तक जुर्माना व सजा का प्रावधान है। उन्होंने नागरिकों से सप्ताह में कम से कम दो बार साइकिल चलाने की अपील की — जिससे स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, ट्रैफिक और प्रदूषण कम होगा और पेट्रोल की भी बचत होगी।
कौन-कौन रहा मौजूद
इस अभियान में स्टेट रोड सेफ्टी काउंसिल हरियाणा के सदस्य सरदार देवेंद्र सिंह, रोड सेफ्टी ओमनी फाउंडेशन के सौरभ बिंदल, सत्यवीर दहिया, सुबोध नागपाल, नवीन कुमार, डॉ. सुरेश अरोड़ा समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।