फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद::केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास,सुशासन,आधारभूत संरचना,सामाजिक सुरक्षा,डिजिटल क्रांति और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सेक्टर 12 स्थित हुड्डा कन्वेंशन हाल में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर विकसित भारत संकल्प एवं प्रबुद्ध जन सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल भी विशिष्ट अथिति के रूप मे मौजूद रहे।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल सत्ता चलाने वाले नेता नहीं,बल्कि राष्ट्र निर्माण के मिशन के साथ कार्य करने वाले दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता हैं,जिनकी नीतियों और साफ नीयत के परिणाम आज देश के प्रत्येक नागरिक को दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश का आधारभूत संरचना बजट लगभग 2 लाख करोड़ रुपये था,जो बढ़कर 12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की गति लगभग तीन गुना बढ़ी है तथा देश में हजारों किलोमीटर नए हाईवे बनाए गए हैं।
ग्रामीण सड़कों का जाल तेजी से विस्तारित हुआ है,जबकि रेलवे के आधुनिकीकरण,विद्युतीकरण और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन ने परिवहन व्यवस्था को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि आज देश के 98 प्रतिशत गांव 4जी कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं तथा एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि पहले भारत दुनिया की बातें सुनता था,जबकि भारत अपनी बात मजबूती से रखता है और पूरी दुनिया उसे गंभीरता से सुनती है।
यह परिवर्तन मजबूत नेतृत्व,निर्णायक नीतियों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की सोच का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों गरीबों के बैंक खाते खुलवाए गए,जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचने लगा। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत,किसान सम्मान निधि,सौभाग्य योजना तथा जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
आज गरीब,किसान,महिला,युवा और वंचित वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि कृषि क्षेत्र में भी ऐतिहासिक निवेश किया गया है। कृषि बजट में कई गुना वृद्धि हुई है तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है।
किसानों को उर्वरकों पर भारी सब्सिडी दी जा रही है तथा एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही सिंचाई,बीज,तकनीक और कृषि अवसंरचना को भी मजबूत किया गया है। उन्होंने
कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक परिवर्तन देखने को मिले हैं। देश में मेडिकल कॉलेजों,एम्स,आईआईटी,आईआईएम और विश्वविद्यालयों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त उपचार का लाभ मिला है,जबकि जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्गों के लिए भी अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के परिणामस्वरूप भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व का अग्रणी देश बन गया है। यू यूपीआई लेनदेन में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में भी देश ने बड़ी छलांग लगाई है।
भारत अंतरिक्ष,रक्षा उत्पादन,सेमीकंडक्टर निर्माण और आधुनिक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि विकसित भारत संकल्प एवं प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास,सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा,उन्हें दूर करते हुए भारत विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई गति प्राप्त की है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य लेकर केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के लिए यह गर्व और सौभाग्य का विषय है कि केंद्र सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के रूप में जिले को मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है। उनके प्रयासों और केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों के कारण फरीदाबाद विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में सड़क,रेलवे,शिक्षा,स्वास्थ्य,खेल और आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं,जिनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने,देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने,गरीब कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ाने जैसे अनेक कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल केंद्र सरकार का संकल्प नहीं,बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद शिखा, डीडीपीओ प्रमिन्द्र,मूलचंद मित्तल,मनीष छोकर,राज मदन, सीमा भारद्वाज,वजीर सिंह डागर,विमल खंडेलवाल,शिव गुप्ता,विनोद भाटी पार्षद,के एल शर्मा,एम के अग्रवाल सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।